Tirupati: गोविंदराजा मंदिर के पास फोटो फ्रेम की दुकान में लगी आग, दमकल की कई गाड़ियां मौजूद
आंध्र प्रदेश के तिरुपति शहर में एक दुकान में आग लग गई। जिससे वहां पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक तिरुपति शहर में स्थित गोविंदराजा मंदिर के पास स्थित एक दुकान में आग लग गई। जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दमकल विभाग की टीम ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। साथ ही मंदिर के आसपास के रास्तों को भी बंद कर दिया गया।

एक चश्मदीद के मुताबिक फोटो फ्रेमिंग की दुकान से पहले धुंआ निकलता हुआ दिखा, जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वहां पर फ्रेमिंग के लिए काफी लकड़ियां रखी थी। जिस वजह से आग तेजी से फैली।
घटना में कोई घायल तो नहीं हुआ है, लेकिन दुकान पूरी तरह से जल गई। तुरंत आसपास की दुकानों को भी बंद करवाकर लोगों को निकाला गया। अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। आग बुझने के बाद ही पूरे नुकसान का पता चल पाएगा।
तिरुपति बालाजी मंदिर से दूर है घटनास्थल
वहीं जब तिरुपति के मंदिर में आग की खबर सोशल मीडिया पर आई, तो लोग तिरुपति बालाजी मंदिर का जिक्र करने लगे। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि ये जगह वहां से 22 किमी दूर है। वैसे गोविंदराजा मंदिर भी देश का काफी प्रसिद्ध मंदिर है। इसका निर्माण 14वीं और 15वीं शताब्दी के बीच हुआ था।
तिरुपति में है काफी ज्यादा भीड़
इस वक्त गर्मी की छुट्टियां चल रहीं, ऐसे में तिरुपति बालाजी के दर्शन करने देश-विदेश से लोग आ रहे। वहां पर दर्शन के लिए लंबी लाइन लग रही। साथ ही शहर में भी काफी ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही।












Click it and Unblock the Notifications