कर्नाटक के पूर्व CM कुमारस्वामी और उनके बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज, बचाव में दी प्रतिक्रिया
FIR Against HD Kumaraswamy Son: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी और उनके बेटे निखिल कुमारस्वामी के खिलाफ बेंगलुरु के संजय नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर लोकायुक्त एसआईटी डिवीजन के चीफ एडीजीपी चंद्रशेखर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है।
शिकायत के मुताबिक, एच.डी. कुमारस्वामी, निखिल कुमारस्वामी और उनके करीबी सहयोगी सुरेश बाबू के खिलाफ पुलिस अधिकारी को धमकी देने का आरोप लगाया गया है। एडीजीपी चंद्रशेखर ने अपनी शिकायत में कहा कि कुमारस्वामी ने उन्हें कर्नाटका कैडर से अन्य राज्य में स्थानांतरित करने की धमकी दी थी। इसके अलावा, सुरेश बाबू ने मुख्य सचिव के समक्ष उनके खिलाफ झूठी शिकायत भी की थी।

मामले की जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संजय नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर बी. दयानंद ने पुष्टि की कि यह एफआईआर कोर्ट के आदेश के बाद ही दर्ज की गई है।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा, "यह एफआईआर कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई है, और हम इसे अदालत में चुनौती देंगे। वे केवल मुझे ही निशाना नहीं बना रहे, बल्कि मेरे बेटे निखिल कुमारस्वामी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है, जो पिछले डेढ़ साल से चल रही है।"
केंद्रीय गृह मंत्रालय में शिकायत करेंगे कुमारस्वामी
कुमारस्वामी ने आगे कहा कि एडीजीपी चंद्रशेखर के खिलाफ वे केंद्रीय गृह मंत्रालय में शिकायत करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपने अधिकारियों के माध्यम से राजनीतिक प्रतिशोध के तहत जांच करवा रही है, और यह प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी नहीं है।
इससे पहले, एडीजीपी चंद्रशेखर ने राज्यपाल को पत्र लिखकर अवैध खनन के मामले में एच.डी. कुमारस्वामी के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी थी, जिसके बाद कुमारस्वामी ने मीडिया के सामने चंद्रशेखर पर गंभीर आरोप लगाए थे।
यह भी पढ़ें Jagannath Temple Puri: श्री जगन्नाथ मंदिर की चारदीवारी में दरारें, ओडिशा सरकार ने एएसआई से मदद मांगी












Click it and Unblock the Notifications