अभिनेत्री ने मुंबई के नए एयरपोर्ट का नाम 'बंता' के नाम पर रखने की दी सलाह, हरदीप पुरी ने दिया जबरदस्त जवाब
मुंबई, 25 जून। फिल्म अभिनेत्री और गायिका सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने हाल ही में एक ट्वीट करके मांग रखी थी कि नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम बदलकर बंताक्रूज रख दिया जाए क्योंकि उनके भाई के नाम पहले ही एक एयरपोर्ट का नाम सांताक्रूज एयरपोर्ट रख दिया है। दरअसल नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम बदलने को लेकर विवाद उस वक्त शुरू हुआ था जब भाजपा और प्रदेश की महाविकास अघाड़ी सरकार के बीच तनाव शुरू हुआ था। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवेसना के चीफ उद्धव ठाकरे ने एयरपोर्ट का नाम बदलकर बाला साहब ठाकरे के नाम पर रखने की बात कही थी। लेकिन भाजपा ने मांग रखी थी कि नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम डीबी पाटिल के नाम पर रख देना चाहिए। ऐसे में इस मामले को लेकर लगातार बयानबाजी चल रही है, स्थानीय भाजपा नेता ने भी इस मामले को लेकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
Recommended Video

एयरपोर्ट के नाम को लेकर चल रहा विवाद
इस पूरे मामले को लेकर किसी भी तरह का विवाद या तनाव ना हो इसके लिए नवी मुंबई पुलिस ने तकरीबन 8000 अधिकारियों को अलग-अलग जगहों पर ड्यूटी पर तैनात कर दिया है। साथ ही पुलिस ने इस बात की भी घोषणा की है कि शहर की कानून व्यवस्था को देखते हुए यातायात में परिवर्तन किया गया है और ट्रैफिक डायवर्ट किया। लेकिन इन सब के बीच जिस तरह से एयरपोर्ट का अलग-अलग नाम रखने की मांग हो रही है उसको लेकर गायिका सुचित्रा का ट्वीट काफी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। उनका ट्वीट इसलिए भी चर्चा का विषय बना है क्योंकि उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी की ओर से भी इसपर जवाब दिया गया है।
उड्डयन मंत्री ने दिया दिलचस्प जवाब
सुचित्रा ने संता-बंता के चुटकुलों के आधार पर चुटकी लेते हुए ट्वीट किया कि बंता ने उड्डयन मंत्रालय को एक पत्र भेजा है, सर मेरी आपसे विशेष अपील है कि नवी मुंबई में नए एयरपोर्ट का नाम बंताक्रूज रख दें क्योंकि मेरे भाई के नाम पर पहले ही एक एयरपोर्ट सांताक्रूज है। इस ट्वीट का जवाब देते हुए केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने लिखा निर्माणाधीन एयरपोर्ट के नामकरण के लिए उड्डयन मंत्रालय को हर रोज कई पत्र मिल रहे हैं, माहौल को थोड़ा हल्का करने के लिए मैं अपनी दोस्त बंता को बताना चाहता हूं कि उसकी ओर से आधिकारिक तौर पर हमे अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। जिसके जवाब में सुचित्रा ने कहा कि हाहा, आप स्वस्थ्य और ऐसे ही मजाकिया रहिए, आपके लिए हमेशा प्यार और सम्मान।
मुंबई को मिलेगा दूसरा एयरपोर्ट
बता दें कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पनवेल में निर्माणाधीन है, यह मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराष्ट्र इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद दूसरा एयरपोर्ट होगा। यह एयरपोर्ट 1160 हेक्टेएर जमीन पर बन रहा है। यह दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट में से एक होगा। यहां 3700 मीटर के दो बड़े रनवे होंगे। इसके लिए जमीन के अधिगृहण का काम भी पूरा हो चुका है। सरकार की कोशिश है कि इसे 2023-24 तक बनाकर तैयार कर दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications