लव पर स्क्वॉयर फीट की अभिनेत्री ने बीच में छोड़ी फिल्म,प्रोड्यूसर पर लगाया अश्लील मैसेज भेजने, अभद्रता का आरोप
मुंबई, 28 जून। फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर कास्टिंग काउच और अभिनेत्रियों के साथ गलत बर्ताव की खबरें सामने आती रहती हैं। इस बार ताजा मामला पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री का सामने आया है, यहां अभिनेत्री ने फिल्म प्रोड्यूसर पर ही गंभीर आरोप लगाते हुए बीच में ही फिल्म को छोड़ दिया है। अभिनेत्री अलंकृता सहाय ने आरोप लगाया है कि फिल्म के प्रोड्यूसर ने उनके साथ गलत बर्ताव किया है और उनके साथ अश्लील बात भी की। सहाय ने इस बात को स्वीकार किया है कि वह फिल्म फुफ्फड़ जी का हिस्सा बने रहना चाहती थीं, इस फिल्म के जरिए मैं पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत करने जा रही थीं, लेकिन जिस तरह के हालात थे उसकी वजह से मुझे पिल्म से बाहर होना पड़ा।

मुझे अश्लील मैसेज भेजता था
सहाय ने कहा कि फिल्म से जुड़े बाकी लोगों का बर्ताव उनके साथ ठीक था, लेकिन फिल्म के एक प्रोड्यूसर ने मेरे साथ गलत, अनैतिक व्यवहार किया, यही वजह है कि मैं अपनी पहली पंजाबी फिल्म पूरी नहीं कर सकी। फिल्म से जुड़े बाकी लोग काफी अच्छे थे। मैंने अपने जीवन में कभी भी इस तरह का बर्ताव नहीं देखा है और ना ही इस तरह की अश्लील टिप्पणियों का सामना किया है। बता दें कि अलंकृता सहाय 27 साल की हैं।

सीमा किसी को पार नहीं करनी चाहिए
अलंकृता ने बताया कि हमारे बीच प्रोफेशन डिफरेंस था, लेकिन फिर यह स्थिति यहां तक पहुंच गई कि प्रोड्यूसर ने अपनी सीमा पार कर दी, जिसकी वजह से मुझे फिल्म से अलग होना पड़ा। सहाय ने कहा कि किसी को भी सीमा पार नहीं करनी चाहिए, ना सिर्फ शरीर से बल्कि शब्दों से भी उसे सीमा पार नहीं करनी चाहिए। अगर आप मेरे साथ भद्दा व्यवहार करते हैं, अनुचित और अश्लील टिप्पणी करते हैं तो मैं उसे बर्दाश्त नहीं कर सकती हूं।

मेरे लिए मेरा आत्मसम्मान सब कुछ
प्रोड्यूसर के साथ अपने अनुभव के बारे में अलंकृता ने कहा कि एक महिला होने के नाते मेरे लिए मेरा स्वाभिमान और आत्मसम्मान ही सबकुछ है, मैं इसकी रक्षा करूंगी फिर चाहे जो भी हो। प्रोड्यूसर ने मेरे साथ अभद्र व्यवहार किया, वो असभ्य और अनैतिक है। कोई भी पैसे और ताकत का दुरुपयोग करके मेरे साथ सीमा को पार नहीं कर सकता है। उसने मेरा जीवन मुश्किल बनाया।

लव पर स्क्वॉयर फीट में आई थीं नजर
बता दें कि अलंकृता सहाय हिंदी फिल्म लव पर स्क्वॉयर फीट में भी नजर आई थीं। जब अलंकृता से पूछा गया कि क्या वह प्रोड्यूसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगी तो उन्होंने कहा सौभाग्य से हालात इस स्तर तक नहीं पहुंचे, इसमे किसी भी तरह का शारीरिक शोषण शामिल नहीं है। वो मुझे अश्लील और असभ्य मैसेज भेजता था, फोन करता था। मैं इसे मीटू का केस नहीं बनाना चाहती हूं। यह वह मामला नहीं है, यह गलत व्यवहार का मामला है। अलंकृता ने कहा कि उम्मीद है कि मेरे इस कदम से प्रोड्यूसर अपने अंदर बदलाव लाएगा और खुद के रास्ते बदलेगा।












Click it and Unblock the Notifications