शाहीन बाग में फायरिंग के आरोपी के पिता का दावा- मेरा बेटा पीएम मोदी और अमित शाह का 'सेवक'
नई दिल्ली- दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में फायरिंग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के पिता ने राजधानी के गर्म राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। गोली चलाने के आरोपी कपिल गुज्जर के पिता गाजे सिंह ने अब कहा है कि उनका बेटा हिंदू और हिंदुस्तान जैसी बातों से प्रभावित है और वहा शाहीन बाग में रोड बंद होने से बहुत परेशान था। इसी वजह से उसने वहां जाकर फायरिंग कर दी, लेकिन इसे बारे में उन्हें जरा भी कुछ नहीं पता। उन्होंने यह बात फिर से दोहराई है कि वह या उनका बेटा कभी आम आदमी पार्टी के सदस्य नहीं रहे, अलबत्ता उन्होंने संजय सिंह और आतिषी के हाथों पार्टी कार्यालय में पार्टी की टोपी पहनाए जाने की बात कबूल की है। इस बीच उन्होंने एक और बड़ा सनसनीखेज दावा किया है कि उनका बेटा कपिल पीएम मोदी और अमित शाह का 'सेवक' था।
Recommended Video

'मेरा बेटा पीएम मोदी और अमित शाह का सेवक'
दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में पिछले 1 फरवरी को कोई हुई हवाई फायरिंग की घटना के आरोपी कपिल गुज्जर उर्फ कपिल बैंसला के पिता गाजे सिंह ने अपने बेटे को लेकर एक नया दावा किया है। उन्होंने दावा किया है कि उनका बेटा पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का 'सेवक' था। ताजा विडियो में उन्होंने खुद के या अपने बेटे के कभी आम आदमी पार्टी के कभी भी सदस्य रहने की बातों को खारिज करने की कोशिश की है। गाजे सिंह ने यहां तक दावा किया है कि उनका किसी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है, बस उनका बेटा सिर्फ 'थोड़ा मोदी समर्थक था और शाहीन बाग की रोडबंदी से काफी परेशान रह रहा था।' फायरिंग के बारे में उन्होंने कहा कि कपिल वहां कब पहुंचा-कैसे पहुंचा उसके बारे में उन्हें कुछ भी पता नहीं है, उन्हें इसके बारे में तो मीडिया से जानकारी मिली।
रोड बंद होने से परेशान हो गया था बेटा- गाजे सिंह
गाजे सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में दावा किया है कि 'न हमने आजतक आम आदमी (पार्टी) की सदस्यता ली है और न हमारा आम आदमी (पार्टी) से कोई मैटर है, न किसी पार्टी से हमारा मैटर है। मेरा लड़का साथ में दूध का काम करता है, उसको राजनीति से कोई मतलब नहीं है। कोई मुझे आप पार्टी के स्टेज पर बता दे...मैं कभी उसके प्रचार में नहीं गया....मुझे चेक कर सकते हैं मैं कहीं आजतक नहीं गया.....सिर्फ इतना था कि मेरा लड़का कपिल गुज्जर वो थोड़ा मोदी का समर्थक था...वहां उस टाइम चला गया गांव-समाज की वजह से। बाकी वो थोड़ा मोदी और अमित शाहजी का वो था सेवक.....और वो परेशान था रोड के जाम होने से। उसे लेट होता था, एक घंटे की जगह चार-चार घंटे का काम होता था। इसलिए वो ज्यादा परेशान था। ..मेरा लड़का हो ज्यादा हिंदू...हिंदुस्तान की बात करता है। उसने ये कदम कैसे उठाया मुझे मालूम नहीं...........नहा धोकर घर से निकला, वहां कैसे पहुंच गया पता नहीं। मेरे बड़े बेटे ने घटना के बारे में बताया। थोड़ी देर बाद मीडिया को बताया कि मेरा किसी पार्टी से कोई सदस्यता नहीं है।... मैं तो चला गया था आतिषी जी ने और संजय ने टोपी उठाया था...मैंने कोई सदस्यता ना ली.....दोबारा पार्टी प्रदेश कार्यालय में गया ही नहीं हूं..... '
केजरीवाल ने लगाया गंदी राजनीति का आरोप
फायरिंग के आरोपी के पिता का दावा सामने आने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधने में जरा भी देरी नहीं की है। उन्होंने ट्वीट किया है, 'भाजपा दिल्ली की कानून व्यवस्था और देश की सुरक्षा के साथ गंदी राजनीति और खिलवाड़ कर रही है। चुनाव के दो दिन पहले आम आदमी पार्टी पर झूठा आरोप लगाना गंदी राजनीति थी। आज सच सामने आ गया।' इससे पहले उन्होंने एक विडियो ट्वीट कर कहा था, 'फायरिंग करने वाला शख्स किसी भी पार्टी का हो उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और अगर वह 'आप' का सदस्य पाया जाता है तो 10 की जगह 20 साल की सजा दी जाए।'

तस्वीर में आरोपी को पार्टी की टोपी पहनाते दिखे थे संजय
बता दें कि मंगलवार को कपिल गुज्जर की कुछ तस्वीरें मीडिया में आई थीं, जिसमें उसे आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह पार्टी दफ्तर में टोपी पहनाते दिखे थे। उनके साथ आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और कालकाजी से पार्टी उम्मीदवार आतिषी भी मौजूद थीं। बाद में दिल्ली पुलिस ने भी तस्वीरों और कपिल गुज्जर के बयानों के आधार पर दावों की पुष्टि की थी। हालांकि, जब उस तस्वीर को लेकर विवाद बढ़ा तो आम आदमी पार्टी और आरोपी के पिता ने आम आदमी पार्टी के साथ कोई रिश्ता होने की बातों से पल्ला झाड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications