Farmers Protest: केजरीवाल की केंद्र से अपील- किसानों की सभी मांगे मानी जाएं
Farmers Protest: केजरीवाल की केंद्र से अपील,
नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों और केंद्र सरकार के बीच आज (सोमवार) सातवें दौर की बैठक हो रही है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से अपील की है कि आज की बैठर में केंद्र सरकार किसानों की मांगों को मानते हुए तीनों कृषि कानूनों को वापस ले। केजरीवाल ने कहा है कि बहुत मुश्किल हालात में किसान सड़कों पर बैठे हैं, ऐसे में केंद्र को संवेदनशीलता दिखाने की जरूरत है।

केजरीवाल ने कहा है कि कड़ाके की ठंड और बारिश के बीच सड़कों पर किसान डटे हुए हैं। मैं उनके हौंसले को सलाम करता हूं। साथ ही मेरी केंद्र सरकार से अपील है कि आज की बैठक में किसानों की सारी मांगें मानते हुए तीनों काले कानून वापस लिए जाएं। अरविंद केजरीवाल ने पहली बार कानूनों वापस लेने की बात नहीं कही है। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल लगातार किसानों का समर्थन कर रहे हैं। केजरीवाल किसानों के बीच सिंघु बॉर्डर भी जा चुके हैं।
बता दें कि केंद्र सरकार इस साल तीन नए कृषि कानून लेकर आई है, जिनमें सरकारी मंडियों के बाहर खरीद, अनुबंध खेती को मंजूरी देने और कई अनाजों और दालों की भंडार सीमा खत्म करने जैसे प्रावधान किए गए हैं। इसको लेकर किसान जून के महीने से लगातार आंदोलनरत हैं और इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। किसानों को कहना है कि ये कानून मंडी सिस्टम और पूरी खेती को प्राइवेट हाथों में सौंप देंगे, जिससे किसान को भारी नुकसान उठाना होगा।
केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीन नए कानूनों के खिलाफ बीते छह महीने से किसान आंदोलन कर रहे हैं। ये आंदोलन जून से नवंबर तक मुख्य रूप से हरियाणा और पंजाब में हो रहा था। सरकार की ओर से प्रदर्शन पर ध्यान ना देने पर 26 नवंबर को किसानों ने दिल्ली की और कूच करने का ऐलान कर दिया। इसके बाद बीते 40 दिन से किसान दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाले सिंधु बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं। टिकरी, गाजीपुर और दिल्ली के दूसरे बॉर्डर पर भी किसान जमा हैं।












Click it and Unblock the Notifications