Farm Law: केरल विधानसभा में कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव का भाजपा विधायक ने समर्थन कर सबको चौंकाया
Farm Law:केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में बनाए गए तीन कृषि कानूनों का किसान विरोध कर रहे हैं और इन कानूनों को रद्द किए जाने की मांग कर रहे हैं। जबकि सरकार इन कानूनों को वापस लेने के बिल्कुल मूड में नहीं है। इस बीच केरल विधानसभा में केंद्र सरकार के तीनों ही कृषि कानून के खिलाफ प्रस्ताव को पास किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन के इस प्रस्ताव को भारतीय जनता पार्टी के विधायक ओ राजगोपाल ने समर्थन दिया है। भाजपा विधायक ने जिस तरह से कृषि कानूनों के खिलाफ पेश किए गए प्रस्ताव का समर्थन किया, उसके बाद केरल की राजनीति में अलग चर्चा शुरू हो गई है।

विधानसभा में चर्चा के दौरान ओ राजगोपाल ने कुछ मसलों पर अपनी आपत्ति जाहिर की। उन्होंने कहा कि ये कानून किसानों के हित में हैं जिससे कि बीच के मिडलमैन और कमीशन एजेंट्स को हटाया जा सके। ये कानून किसान को अपनी फसल कहीं भी बेचने का अधिकार देते हैं। जो लोग इन कानूनों का विरोध कर रहे हैं वो किसानों के विरोधी हैं। इन कानूनों की जरूरत की बात कांग्रेस और सीपीआईएम दोनों ने भूतकाल में कही है। हालांकि भाजपा विधायक का कहना है कि उन्होंने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया, लेकिन वह प्रस्ताव का समर्थन करते हैं।
विधानसभा का सत्र जब पूरा हुआ तो राजगोपाल मीडिया से मिले और कहा कि उन्होंने प्रस्ताव का समर्थन किया है। मैंने इस प्रस्ताव का विरोध इसलिए नहीं किया क्योंकि लोगों को अलग-अलग राय जानने की जरूरत नहीं है। सामान्य सहमति यह है कि हम सभी एक हैं। मैं इस बात को स्वीकार करता हूं, मेरी राय में यह लोकतांत्रिक राय है। हालांकि राजगोपाल ने कहा कि यह पार्टी का मत नहीं है। इस तरह से समझौते लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा हैं। हमे अडिग नहीं होना चाहिए। हमे सर्वसम्मति के साथ जाना चाहिए। इस सहमति से पहले मैंने लोगों के सामने अपनी राय रखी। मैं प्रस्ताव से सहमत हूं, हमारे बीच कुछ वैचारिक मतभेद हैं, लेकिन प्रस्ताव की मूल भावना का मैं समर्थन करता हूं। बता दें कि राजगोपाल केरल विधानसभा में भाजपा के एकमात्र विधायक हैं और पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेता हैं, वह वाजपेयी सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications