विदेश मंत्री एस जयशंकर आज से मालदीव और श्रीलंका के पांच दिन के दौरे पर
नई दिल्ली, 26 मार्च: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर महत्वपूर्ण आज से मालदीव और श्रीलंका के पांच दिन से दौरे पर रहेंगे। शनिवार, 26 मार्च से शुरू हो रहे इस दौरे में एस जयशंकर पहले दो दिन मालदीव और उसके बाद तीन दिन श्रीलंका में रहेंगे। दोनों ही देशों में विदेश मंत्री वहां की सरकारों के साथ अहम बातचीत करेंगे। दौरा पूरा करने के बाद 30 मार्च को जयशंकर दिल्ली लौट आएंगे।

एस. जयशंकर शनिवार शाम को मालदीव पहुंचेंगे। यहां वो द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और हिंद महासागर द्वीपसमूह में भारत समर्थित कुछ परियोजनाओं को भी शुरू करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार विदेश मंत्री मालदीव के अडू शहर का भी दौरा करेंगे, जहां वह राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सालेह से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मालदीव के अपने समकक्ष अब्दुल्ला शाहिद के साथ भी जयशंकर अहम बैठक करेंगे।
एस जयशंकर 28 मार्च से 30 मार्च तक श्रीलंका का दौरा करेंगे। श्रीलंका में 29 मार्च को वह बिम्सटेक मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा होगी। विदेश मंत्री का श्रीलंका दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को भारत ने एक सप्ताह पहले ही एक अरब डॉलर का कर्ज दिया है।
एस जयशंकर के दौरे को लेकर विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विदेश मंत्री के दौरे के दौरान द्विपक्षीय विकास सहयोग से संबंधित कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाएंगे। इस दौरान वह इन दो समुद्री पड़ोसियों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार देने की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। साथ ही मालदीव के सामाजिक आर्थिक विकास में योगदान देने वाली भारत के सहयोग से चल रही कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications