बसपा नेता ने राहुल गांधी को बताया विदेशी मां का बेटा, बोले- कभी नहीं बन सकते पीएम
नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश को मायावती ने पद से हटा दिया है। जय प्रकाश ने कहा था कि राहुल गांधी अपनी विदेशी मां सोनिया गांधी पर गया हैं, इसलिए कभी राजनीति में सफल नहीं हो सकते। जय प्रकाश ने कहा था कि राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते क्योंकि वह अपने पिता राजीव गांधी पर नहीं अपनी विदेशी मां सोनिया गांधी की तरह दिखते हैं।

जय प्रकाश ने कहा था 'अगर राहुल राजीव गांधी पर चला जाता तो सफल हो सकता था लेकिन मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि राहुल राजनीति में सफल नहीं होंगे क्योंकि वो अपनी विदेशी मां पर गए हैं।' लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में जयप्रकाश सिंह ने राहुल गांधी पर टिप्पणी की थी।
जय प्रकाश के इस बयान के बाद मंगलवार को बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने उन्हें पद से हटा दिया। मायावती ने कहा कि जय प्रकाश सिंह का बयान उनकी व्यक्तिगत सोच है और पार्टी उससे इत्तेफाक नहीं रखती।
जय प्रकाश के बयान पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट करके कहा है कि महाठगबंधन का निर्माण होने से पहले की हालत देखिए। बीएसपी कह रही कि राहुल गांधी अपने पिता से अधिक अपने मां जैसे दिखते हैं। सोनिया गांधी विदेशी मूल की हैं, इसलिए राहुल पीएम पद के उम्मीदवार नहीं हो सकते हैं! अभी तो ये शुरुआत है आगे आगे देखते जाइए होता है क्या।












Click it and Unblock the Notifications