मध्य प्रदेश: कल हो सकता है शिवराज सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार
भोपाल। कोरोना वायरस से बिगड़ते हालातों को अबतक मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान अकेले ही संभाल रहे थे। लेकिन अब ऐसी जानकारी मिल रही है कि मंगलवार को शिवराज सिंह अपने कैबिनेट का गठन कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल के छोटे रहने की संभावना है, जिसमें 6-7 मंत्री बनाये जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को होने वाले कैबिनेट गठन में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के खेमे के तीन लोगों को जगह मिल सकती है।

आपको बता दें कि कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से अनबन होने के बाद ग्वालियर के महाराज सिंधिया ने अपने 22 समर्थक विधायकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया और इसी वजह से कमलनाथ की सरकार गिर गई थी। इसके बाद एक बार फिर शिवराज सिंह चौहान को सीएम बनने का मौका मिला, लेकिन कैबिनेट नहीं होने के कारण उनकी आलोचना हो रही थी। कहा ये भी गया कि सिधिंया की वजह से भी राज्य में कैबिनेट का विस्तार नहीं हो रहा था।
दरअसल, सिंधिया ने बीजेपी के आलाकमान के पास इस बात की मांग रखी कि उनके खेमे के विधायकों को मंत्री बनाया जाए। फिलहाल मध्य प्रदेश की सरकार के सामने कोरोना वायरस से लड़ना चुनौती है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक राज्य में कोरोना वायरस के मामले 1400 के आंकड़े को पार कर चुके हैं। यहां अब तक 1485 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। राज्य में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इलाज के बाद 127 लोग कोरोना वायरस से ठीक हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications