आज से जंतर-मंतर पर लड़ेंगे पूर्व सैनिक
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला) अपनी समान पद-समान पेंशन की मांग को लेकर पूर्व सैनिक सोमवार से लंबी लड़ाई के मूड में हैं। वे आज से जंतर-मंतर पर अपनी इसी मांग के समर्थन भूख हड़ताल शुरू भी करने जा रहे हैं।
लटकता फैसला
जंतर-मंतर पर मौजूद बहुत से पूर्व सैनिकों का कहना है कि जब सरकार उक्त योजना को लागू करने का वादा कर रही है तो फिर इसे क्यों लटका रही है। इसी से चलते पूर्व सैनिक प्रदर्शन, भूख हड़ताल, अपने वीरता पदक वापस करने व खून से सरकार को पत्र लिखने जैसे कदम उठा रहे है।
आज से भूख हड़ताल
आज सेवानिवृत्त कर्नल एम.बी. आहलुवालिया के नेतृत्व में भूख हड़ताल पर बैठेंगे पूर्व सैनिक। इसके बाद ये तब तक भूख हड़ताल करते रहेंगें जब तक सरकार इनकी मांग मान नहीं लेती।
इंडियन एक्स सर्विसमेन मूवमेंट (आईईएसएम) के नेता कर्नल (सेवानिवृत) अनिल कौल ने कहा कि हमें आश्वस्त किया गया था कि वन रैंक-वन पेंशन योजना को लागू किया जायेगा लेकिन सरकार में आने के एक वर्ष गुजर जाने के बाद भी सरकार अपने वादे को नहीं निभा सकी।
जारी रहेगा प्रदर्शन
आईईएसएम के उपाध्यक्ष मेजर जनरल (सेवानिवृत) सतवीर सिंह ने कहा कि जब तक समान पद, समान पेंशन लागू नहीं होता है तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। समान पद, समान पेंशन योजना के लागू किये जाने से करीब 22 लाख पूर्व सैनिकों और काफी संख्या में युद्ध में विधवाओं को फायदा होगा।













Click it and Unblock the Notifications