पीएम मोदी की बायोपिक पर बैन के बाद अब EC ने नमो टीवी पर लिया बड़ा फैसला
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बायॉपिक की रिलीज पर बैन लगाने के बाद अब नमो टीवी पर भी चुनाव होने तक रोक लगा दी है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनी बायोपिक की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगाने का आदेश NaMo TV पर भी लागू होता है, जिसे चुनाव अवधि के दौरान प्रसारित भी नहीं किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने कहा कि कोई भी बायोपिक जो किसी भी राजनीतिक इकाई या उससे जुड़ी किसी भी व्यक्ति के उद्देश्य को पूरा करती है, जिससे चुनाव प्रभावित हो सकता हो, इसे सिनेमा सहित इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रदर्शित नहीं किया जाना चाहिए।

इससे पहले चुनाव आयोग ने पीएम नरेंद्र मोदी की जीवन पर बनी बायोपिक की रिलीज पर भी रोक लगाने के आदेश जारी किए थे। चुनाव आयोग ने कहा कि उसके पास 'एनटीआर लक्ष्मी', 'पीएम नरेंद्र मोदी' और 'उदयामा सिंहम' सहित कुछ फिल्मों को लेकर शिकायतें आई हैं, जिनमें एक उम्मीदवार या एक राजनीतिक पार्टी की चुनावी संभावना को रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर बढ़ा-चढ़ा कर पेश गया है।
आयोग के मुताबिक, हालांकि प्रदर्शित सामग्री के रचनात्मक सामग्री का हिस्सा होने का दावा किया गया है लेकिन इनमें सभी को समान अवसर उपलब्ध कराने को प्रभावित करने की क्षमता है जो आदर्श चुनाव आचार संहिता के खिलाफ है।
पीएम पर बायॉपिक फिल्म को 11 अप्रैल को रिलीज किया जाना था। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की बायोपिक 'पीएम नरेंद्र मोदी' की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करने वाली याचिका को मंगलवार को खारिज कर दिया था। अदालत ने कहा था कि याचिकाकर्ता की चिंता का हल करने के लिए उचित संस्था निर्वाचन आयोग है, क्योंकि यह एक संवैधानिक निकाय है।












Click it and Unblock the Notifications