AAP विधायक अमानतुल्लाह खान से ईडी की पूछताछ खत्म, जानिए किस मामले में हुई कार्रवाई
Amanatullah Khan news: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के ओखला स्थित आवास पर छापेमारी की। छापेमारी के बाद अमानतुल्लाह खान से लगभग 10 घंटे की पूछताछ हुई। पूछताछ के बाद अमानतुल्लाह खान मीडिया के सामने आए और कई जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ईडी ने मेरे परिसरों की तलाशी ली, उनके पास सर्च वारंट था। यह 2016 में सीबीआई द्वारा दर्ज की गई एक एफआईआर के संबंध में था, जिसके लिए एक आरोपपत्र पहले ही प्रस्तुत किया जा चुका है और सुनवाई हो चुकी है। यह दिल्ली वक्फ बोर्ड में भर्ती के संबंध में था। वे पिछले 12-13 घंटों से यहां थे।
आपको बता दें कि अमानतुल्लाह खान दिल्ली वक्फ बोर्ड के चेयरमैन हैं और उनके ऊपर यहां भर्ती में अनियमितता के आरोप हैं। अमानतुल्लाह खान के खिलाफ दिल्ली के एंटी करप्शन ब्यूरो और सीबीआई ने अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद मंगलवार को ईडी ने उनके ऊपर ये एक्शन लिया।

अमानतुल्लाह खान दिल्ली की ओखला विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। पिछले साल दिल्ली एसीबी ने उन्हें इसी मामले में गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में सितंबर 2022 में उन्हें जमानत मिल गई थी। अमानतुल्लाह खान के ऊपर आरोप है कि वक्फ बोर्ड के चेयरमैन रहते हुए उन्होंने सरकारी गाइडलाइन और सभी नियमों को ताक पर रखते हुए बोर्ड में 32 लोगों की भर्ती गैरकानूनी तरीके से की। शिकायत में उनके ऊपर भ्रष्टाचार और पक्षपात करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
पहले मनीष, फिर संजय और अब अमानतुल्लाह
गौरतलब है कि बीते बुधवार को ही ईडी ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवास पर छापेमारी की थी। दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई इस छापेमारी में शाम को ईडी ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले ईडी ने शराब नीति घोटाले के मामले में ही दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। हालांकि आम आदमी पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2024 के लोकसभा चुनाव में हार का डर सता रहा है, इसलिए वो केंद्र की एजेंसियों के जरिए विपक्ष की आवाज को दबा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications