पीएनबी घोटाला: ईडी ने नीरव और मेहुल की 218 करोड़ की संपत्ति जब्त की
मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीएनबी घोटाले में प्रमुख आरोपी नीरव मोदी ,मेहुल चौकसी, मिहिर भंसाली और अन्य आरोपियों की 218.46 करोड़ रुपए की संपत्ति को बुधवार को जब्त कर लिया। अन्य में भंसाली और एपी जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क कंपनी की प्रॉपर्टी शामिल है। इससे पहले भी ईडी ने नीरव मोदी, उसके भाई और अन्य लोगों की 637 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त किया था। ये संपत्तियां भारत तथा चार अन्य देशों में स्थित हैं।

ईडी ने यह कार्रवाई पीएमएलए कोर्ट में पेश ना होने के बाद की है। कोर्ट ने घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। बता दें कि, भंसाली नीरव मोदी का करीबी है। इंटरपोल ने पिछले दिनों उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। 13 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के पीएनबी घोटाले में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहा है।
देश को जनवरी 2018 में इस स्कैम का खुलासा हुआ था। नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चौकसी ने पीएनबी की मुंबई स्थित ब्रेडी हाउस शाखा के अधिकारियों की मिलीभगत से घोटाला किया था। दोनों ने फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग्स के जरिए बैंक से रकम लेकर विदेशों में ट्रांसफर की। मामला खुलने के बाद दोनों ही आरोपी देश छोड़कर भाग गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नीरव ब्रिटेन में जबकि मेहुल एंटीगुआ में रह रहा है।












Click it and Unblock the Notifications