मुसलमानों को चेतावनी देने वाले बयान EC ने लिया संज्ञान, मेनका गांधी को भेजा कारण बताओ नोटिस
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में में मुसलमानों को लेकर दिए गए बयान के बाद अब चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मेनका गांधी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उत्तर प्रदेश चुनाव आयुक्त ने मेनका गांधी के इस बयान पर संज्ञान लेते हुए उन्हें नोटिस भेजा है। मुसलमानों को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस ने मेनका गांधी का नामांकन रद्द करने की मांग की।

अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी बी आर तिवारी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के सुल्तानपुर में कल मुसलमानों को लेकर दिए गए बयान को लेकर चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है। इस बयान को लेकर सुल्तानपुर के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है और इसकी रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी गई है।
इस मामले में सफाई देते हुए मेनका गांधी ने कहा कि मैंने अपनी अल्पसंख्यकों की बैठक बुलाई थी। अगर आप मेरी पूरी स्पीच पढ़ेंगे तो आपको पता चलेगा । टीवी चैनल मेरे पूरे भाषण का कुछ हिस्सा दिखा रहे हैं जो अधूरा है।
गौरतलब है कि सुल्तानपुर जिले के तुराबखानी में भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि मैं जीत रही हूं. लोगों की मदद और प्यार से मैं जीत रही हूं, लेकिन अगर मेरी जीत मुसलमानों के बिना होगी तो अच्छा नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि इससे इससे दिल खट्टा हो जाता है और फिर जब मुसलमान आता है अपने काम के लिए, फिर मैं सोचती हूं कि रहने ही दो। उन्होंने आगे कहा कि हम खुले हाथों, खुले दिल के साथ आए हैं। मेनका गांधी ने कहा कि मैं चुनाव तो जीत चुकी हूं, इसलिए अब आपको मेरी जरूरत पड़ेगी। इस बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद कांग्रेस ने मेनका गांधी का नामांकन रद्द करने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications