Earthquake in Syria: 6.5 टन मेडिकल मदद के साथ IAF का एयरक्राफ्ट सीरिया रवाना
भारत ने सीरिया में भूकंप पीड़ितों के लिए 6.5 टन मेडिकल मदद को रवाना किया है। अधिकारी राजेश नायर ने बताया कि दवाएं, जीवन रक्षक दवा और अन्य मेडिकल इक्विपमेंट के साथ वायुसेना का विमान सीरिया के लिए रवाना किया गया है

तुर्की और सीरिया में जिस तरह से भीषण भूकंप ने तबाही मचाई है उस बीच हर कोई यहां के लोगों के लिए दुआ कर रहा है। भारत इस मुश्किल वक्त में दोनों देशों को लगातार मदद मुहैया करा रहा है। पहले राहत-बचाव के लिए एनडीआरएफ की टीम को तुर्की-सीरिया रवाना किया गया था। अब भारतीय वायुसेना का विमान जीवन रक्षक दवाओं और अन्य मेडिकल मदद लेकर सीरिया के लिए रवाना हुआ है। भारतीय वायुसेना का विमान सी130जे हर्क्युलिस मेडिकल इक्विपमेंट के साथ गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से सीरिया के लिए रवाना हो गया है। इस विमान 6.5 टन आपात मेडिकल सामान हैं। विमान को मंगलवार रात को रवाना किया गया है। इससे पहले सोमवार को विमान में मेडिकल सामान को लोड करना शुरू कर दिया गया था।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी राजेश नायर ने बताया कि दवाएं, जीवन रक्षक दवा और अन्य मेडिकल इक्विपमेंट के साथ वायुसेना का विमान सीरिया के लिए रवाना किया गया है, जहां पर भूकंप की तबाही में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है और लोग घायल हुए हैं। विदेश मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय की मदद से यह मदद भेजी गई है। मरीजों को आपात स्थिति में जो दवाएं दी जाती है उसे भेजा गया है। मंत्रालय की ओर से निर्देश के आधार पर दवाएं इकट्ठा करके लोड की गई हैं। यह सामान तकरीबन 6.5 टन है। सीरिया में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को यह मदद हमारे अधिकारियों की ओर से सौंपी जाएगी।
गौर करने वाली बात है कि सोमवार को सीरिया और तुर्की में एक के बाद एक लगातार तीन भीषण भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। जिसमे कई घर, बहुमंजिला इमारत भरभरा कर गिर गए। तुर्की और सीरिया में भूकंप से अभी तक तकरीबन 7800 लोगों की मौत हो गई है। तुर्की में तकरीबन 5800 लोगों की मौत हो गई है जबकि सीरिया में 2000 लोगों की मौत हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार तुर्की में 31777 लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि सीरिया में 3849 लोग घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications