Dr. Manmohan Singh: जब मौन रहने वाले पूर्व पीएम ने सुषमा स्वराज को शायराना जवाब दे लूटी थी महफिल, देखें वीडियो
Dr. Manmohan Singh News: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जयंती के मौके पर कांग्रेस नेता ही नहीं सभी पार्टियों के दिग्गज उन्हें याद कर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने भी श्रद्धांजलि दी है। 10 साल देश के प्रधानमंत्री रहने के दौरान उनके ऊपर अक्सर ही कम बोलने और जवाब नहीं देने के आरोप लगते थे। हालांकि, पद छोड़ने के बाद उनके पुराने जवाब वायरल होते रहे हैं। ऐसा ही एक शायराना जवाब उन्होंने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को दिया था। उनकी जयंती के मौके पर बार-बार उसे याद किया जा रहा है।
दरअसल सुषमा स्वराज ने तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह की अर्थनीति और विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए उन पर शायराना तंज कसा था। देश की प्रखर वक्ताओं में शुमार सुषमा स्वराज तब विपक्ष में थीं और उन्होंने लोकसभा में एक शेर पढ़ते हुए तंज कसा था, 'तू इधर-उधर की बात न कर, ये बता कि काफिला क्यों लुटा। हमें रहजनों से गिला नहीं तेरी रहबरी का ख्याल है।'

Dr. Manmohan Singh ने शेर का जवाब दिया था शायरी से
डॉक्टर मनमोहन सिंह ने इसका जवाब देते हुए कहा था कि मैं सुषमा जी की भाषण देने की कला की बराबरी नहीं कर सकता हूं, लेकिन कुछ कहना चाहता हूं। फिर उन्होंने अल्लामा इकबाल का मशहूर शेर पढ़ा था, 'माना की तेरी दीद के काबिल नहीं हूं मैं, तू मेरा शौक तो देख, मिरा इंतज़ार तो देख।' पूर्व पीएम के इस शायराना जवाब पर सत्ता पक्ष के सांसद ही नहीं विपक्षी सांसद भी मुस्कुराते नजर आए थे। सुषमा स्वराज भी इस दौरान हंसती नजर आ रही थीं।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह उर्दू शायरी के शौकीन थे और वह खाली वक्त में उर्दू के शेर-गज़ल वगैरह पढ़ा करते थे। अल्लामा इकबाल उनके पसंदीदा शायरों में से थे। उनके निधन के बाद प्रार्थना सभा में भी उनके प्रिय शायरों की नज्म चलाई गई थी।
यह भी पढ़ें: Manmohan Singh के स्मारक की प्रक्रिया शुरू, केंद्र ने पूर्व पीएम के परिवार को भेजे कुछ जगहों के सुझाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दी पूर्व PM को श्रद्धांजलि
पूर्व पीएम की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह की जयंती पर उन्हें नमन करता हूं। उनके लंबे सार्वजनिक जीवन में देश के लिए दिए योगदान को हम सब याद करते हैं।' कांग्रेस के भी दिग्गज नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी है। कांग्रेस के आधिकारि पेज से पूर्व पीएम के योगदान को याद करते हुए पोस्ट शेयर की गई है।
यह भी पढ़ें: 'Savarkar Vs Manmohan': कॉलेज के नामकरण को लेकर भाजपा-कांग्रेस में वाकयुद्ध












Click it and Unblock the Notifications