क्या मोदी सरकार समझ पा रही है Gen Z की परेशानी? कांग्रेस हो या BJP, हर पार्टी को परेशान करेगा ये नया सर्वे
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अगुआई में जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शनों ने साबित कर दिया कि भारत की युवा आबादी (Gen Z) को नजरअंदाज करना किसी भी सरकार के लिए नामुमकिन है। इसी माहौल के बीच आए सी-वोटर (C-Voter) के स्नैप पोल के नतीजे बेहद चौंकाने वाले हैं।
यानी सवाल सिर्फ BJP या कांग्रेस का नहीं है। सर्वे का संदेश लगभग हर पार्टी के लिए परेशानी वाला है। 18 से 35 साल के करीब 1,270 युवाओं पर किए गए इस सर्वे से साफ होता है कि देश के करीब 60% युवाओं को लगता है कि कोई भी राजनीतिक दल, चाहे वो कांग्रेस हो या भाजपा, उनके मुद्दों को सही से नहीं समझ पा रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं कि क्या मोदी सरकार Gen Z की परेशानी समझ पा रही है। युवाओं के असल मुद्दे क्या हैं और वे देश की राजनीति के बारे में क्या सोच रखते हैं।

Gen Z को लगता है पार्टियां उन्हें समझ नहीं रहीं
सर्वे का सबसे बड़ा संकेत यही है कि युवाओं और राजनीतिक दलों के बीच कनेक्शन कमजोर है। 58.7% लोगों ने कहा कि पार्टियां Gen Z की परेशानियों को नहीं समझतीं। सिर्फ 20.7% ने माना कि राजनीतिक दल युवाओं की बात समझते हैं। करीब 20.5% लोग इस सवाल पर न्यूट्रल रहे या उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
BJP के नेतृत्व वाले NDA समर्थकों में भी तस्वीर बहुत अलग नहीं रही। 54% NDA समर्थकों ने कहा कि पार्टियां Gen Z की चिंताओं को नहीं समझतीं, जबकि 26% ने इसके उलट राय दी।
विपक्ष समर्थकों में यह आंकड़ा और ऊपर गया। करीब 64% ने माना कि राजनीतिक पार्टियां युवाओं की सोच से दूर हैं। दूसरे दलों को समर्थन देने वालों में भी 58.5% ने यही बात कही।
क्या है Gen Z के सबसे बड़े मुद्दे?
पारंपरिक चुनावी नारों से अलग हटकर युवाओं का ध्यान बुनियादी सुविधाओं पर टिका है। Gen Z के लिए चुनावी मुद्दे भी काफी साफ हैं। रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य को 53% लोगों ने सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बताया। इसके बाद महंगाई 13.1% और भ्रष्टाचार 11.9% रहा।
- रोजगार, पढ़ाई और स्वास्थ्य: 53% युवाओं के लिए चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा यही तीन चीजें हैं।
- महंगाई और भ्रष्टाचार: महंगाई को 13.1% और भ्रष्टाचार को 11.9% युवाओं ने बड़ा मुद्दा माना।
- बिजली, पानी, सड़क: सिर्फ 8.2% युवाओं के लिए यह प्राथमिकता है।
- कानून व्यवस्था और सुरक्षा: 4.8% युवाओं ने महिला सुरक्षा/कानून व्यवस्था को और महज 2.7% ने राष्ट्रीय सुरक्षा को अपना मुख्य मुद्दा चुना।
वोट मोदी के नाम पर या मुद्दे देखकर?
यहां भी राजनीतिक दलों के लिए एक बड़ा संकेत है। 33.3% युवाओं ने कहा कि वे मुद्दों के आधार पर वोट तय करते हैं। नेता की छवि 20% लोगों के लिए अहम रही। सिर्फ 13.9% ने पार्टी को अपना मुख्य आधार बताया।
वहीं उम्मीदवार को सबसे बड़ा फैक्टर मानने वालों की संख्या सिर्फ 7.7% रही। इसका सीधा मतलब है कि युवा वोटर सिर्फ पार्टी के नाम पर फैसला लेने के बजाय मुद्दों और नेतृत्व की क्षमता को ज्यादा तवज्जो दे सकता है।
सोशल मीडिया को लेकर क्या सोचता है युवा?
Gen Z की राजनीति को सोशल मीडिया से अलग करके देखना मुश्किल है। सर्वे में 49.3% लोगों ने माना कि सोशल मीडिया उनकी राजनीतिक राय बनाने में बड़ी भूमिका निभाता है। लेकिन भरोसे की बात आई तो तस्वीर बदल गई।
जिंदगी से जुड़े मामलों में 75.1% युवाओं ने माता-पिता को सबसे भरोसेमंद बताया। दोस्तों पर 6.9% और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर 6.8% लोगों ने भरोसा जताया। यानी सोशल मीडिया राय बनाने में ताकतवर है, लेकिन भरोसे की पहली जगह अभी भी परिवार के पास है।
युवा उम्मीदवारों की इतनी बड़ी मांग क्यों?
सर्वे में 74.6% लोगों ने कहा कि अगर पार्टियां युवा उम्मीदवारों को मैदान में उतारेंगी, तो वे उन्हें वोट देने पर विचार करेंगे। इसके सामने मौजूदा लोकसभा की तस्वीर अलग है। सांसदों की औसत उम्र करीब 56 साल बताई गई है और सिर्फ 11% सांसद 40 साल या उससे कम उम्र के हैं। संसद में Gen Z उम्र के सांसदों की संख्या भी सिर्फ तीन है। यानी जिस पीढ़ी की आबादी और राजनीतिक ताकत बढ़ रही है, उसकी सीधी हिस्सेदारी राजनीति में अभी काफी कम है।
क्या जाति के नाम पर वोट देगा Gen Z?
राष्ट्रीयता भी युवाओं के लिए पूरी तरह गायब मुद्दा नहीं है। 49.5% युवाओं ने इसे वोटिंग के फैसले में अहम माना। लेकिन जाति को लेकर तस्वीर अलग रही। सिर्फ 24.4% लोगों ने कहा कि वे अपनी जाति के उम्मीदवार को प्राथमिकता देंगे। करीब 48.2% ने इससे इनकार किया। यह संकेत राजनीतिक दलों के लिए काफी अहम है। Gen Z को साधने के लिए सिर्फ पारंपरिक जातीय समीकरण शायद पर्याप्त नहीं होंगे।
छात्र आंदोलनों के दौरान सोशल मीडिया पर नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा वाले वीडियो भी खूब चर्चा में रहे। सर्वे में 29.1% लोगों ने कहा कि सार्वजनिक हस्तियों के खिलाफ अपमानजनक भाषा शायद स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। करीब 21% ने इसे पूरी तरह गलत बताया।
वहीं 36.5% लोगों ने ऐसी भाषा को किसी न किसी स्तर पर स्वीकार्य माना। इसमें 21.4% ने इसे पूरी तरह स्वीकार किया, जबकि 15.1% ने कुछ हद तक स्वीकार्य बताया। यानी Gen Z की राजनीति सिर्फ वोट और चुनाव तक सीमित नहीं है। नौकरी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सोशल मीडिया, युवा नेतृत्व और मुद्दों पर आधारित राजनीति इन सबका असर आने वाले चुनावों में दिख सकता है। C-Voter का यह सर्वे तमाम पार्टियों के लिए साफ संकेत देता है कि युवा वोटर को सिर्फ भाषणों से नहीं, उसकी रोजमर्रा की परेशानियों को समझकर जोड़ना होगा।


Click it and Unblock the Notifications
