'बिहार-UP के लोग तमिलनाडु में टॉयलेट साफ करते हैं', DMK सांसद के बयान से बवाल, अब क्या जवाब देंगे नीतीश-लालू ?
DMK MP Dayanidhi Maran: उत्तर बनाम दक्षिण की बहस के बीच उत्तर भारतीयों को भड़काते हुए डीएमके सांसद दयानिधि मारन का आपत्तिजनक बयान सामने आया है। डीएमके नेता दयानिधि ने अपने बयान में कहा कि यूपी, बिहार के हिंदी भाषी लोग तमिलनाडु में शौचालय साफ करते हैं।
डीएमके सांसद के इस बयान के बाद बवाल मचा हुआ है। यूपी-बिहार के लोगों को लेकर डीएमके नेता की अपमानजनक टिप्पणी के बाद बीजेपी ने इंडिया गठबंधन के दो बडे़ नेता नीतीश कुमार और लालू यादव को घेरा है।

जानिए डीएमके सांसद ने क्या कहा?
डीएमके नेता दयानिधि मारन ने कहा है कि यूपी और बिहार से तमिलनाडु आने वाले हिंदी भाषी निर्माण कार्य, सड़क और शौचालयों की सफाई जैसे छोटे-मोटे काम करते हैं। दयानिधि मारन के बयान की क्लिप शेयर करते हुए बीजेपी नेताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस बारे में उनकी राय पूछी है।
भाजपा ने बयान पर मांगी नीतीश कुमार की राय
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि डीएमके सांसद सेंथिल कुमार ने संसद में उत्तर भारतीयों के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद कांग्रेस नेता रेवंथ रेड्डी ने तेलंगाना के डीएनए को बिहार के डीएनए से बेहतर बताया। अब डीएमके नेता दयानिधि मारन ने अपनी टिप्पणी से उत्तर-दक्षिण की बहस को आगे बढ़ा दिया है।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि क्या नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, लालू यादव, कांग्रेस, सपा, अखिलेश यादव सब दिखावा करेंगे कि ऐसा नहीं हो रहा है? वे कब स्टैंड लेंगे?
गिरिराज सिंह ने नीतीश-लालू को घेरा
वहीं बिहार के बेगूसराय से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने तमिलनाडु में सत्ताधारी डीएमके सांसद दयानिधि मारन की टिप्पणी पर सीएम नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू यादव से सवाल किए हैं।
गिरिराज सिंह ने भी वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- डीएमके सांसद दयानिधि मारन का कहना है कि यूपी/बिहार के हिंदी भाषी लोग तमिलनाडु आते हैं और सड़कें और शौचालय साफ करते हैं। क्या बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू यादव हिंदी भाषी लोगों पर अपने गठबंधन सहयोगी की राय से सहमत हैं? उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि DMK और I.N.D.I गठबंधन को हिंदी भाषी बिहारी भाइयों और बहनों से इतनी नफरत क्यों है?












Click it and Unblock the Notifications