Diwali Firecrackers Accidents: दिवाली पर पटाखे बने आफत, 7 राज्यों से आई हादसों की दुखद खबरें
दिवाली पर बैन के बावजूद लोगों ने जमकर पटाखे जलाए और देश के कई हिस्सों से हादसों की खबरें सामने आई।
Diwali Accidents in Parts of Country: सोमवार को देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। बैन के बावजूद लोगों ने जमकर पटाखे जलाए और देश के कई हिस्सों से हादसों की खबरें भी सामने आई। दिल्ली फायर सर्विस के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि दिवाली पर राजधानी के अलग-अलग इलाकों से कुल 201 फोन कॉल आईं, जिनपर आग लगने की सूचना दी गई। वहीं, महाराष्ट्र के ठाणे में फायर विभाग को दिवाली पर पटाखों की वजह से आग लगने की 11 कॉल आईं। आइए जानते हैं कि दिवाली पर देश में कहां कहां हादसे हुए।

आंध्र प्रदेश में पटाखे जलाते समय किशोर की मौत
न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में कृष्णा जिले के मछलीपट्टनम इलाके में पटाखे जलाते समय एक 11 साल के लड़के की मौत हो गई। इसके अलावा ईस्ट गोदावरी जिले के पुलगुर्था में पटाखे फोड़ रहे चार लोगों के घायल होने की भी खबर है।
झारखंड में बस के अंदर आग लगने से दो की मौत
झारखंड के रांची में दिवाली पर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक ड्राइवर और हेल्पर बस के अंदर दीया जलाकर सो गए, जिसकी वजह से आग लग गई और दोनों की बस में ही मौत हो गई।

दिल्ली में रेस्टोरेंट और कपड़ा फैक्ट्री में लगी आग
पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में सोमवार शाम को कपड़े की एक फैक्ट्री में आग लग गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने वहां से चार लोगों को सुरक्षित निकाला। इन लोगों को बचाते हुए हालांकि एक फायरकर्मी घायल हो गया। फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया और तीसरी मंजिल पर फंसे चार लोगों को बचाया। इसके अलावा दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में भी एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन रेस्टोरेंट पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

ग्रेटर नोएडा में फ्लैट में लगी आग
यूपी के ग्रेटर नोएडा में दिवाली पर एक अपार्टमेंट में 16वें फ्लोर पर फ्लैट में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। बिसरख पुलिस ने बताया कि आग गौड़ सिटी-2 की वेदांतम सोसाइटी में लगी थी। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

मुंबई में बिल्डिंग में लगी आग, ठाण में आग लगने की 11 घटनाएं
दिवाली पर मुंबई के गोरेगांव ईस्ट में एक बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं, ठाणे में फायर विभाग को आग लगने से संबंधित कुल 11 फोन आए। फायर विभाग ने बताया कि आग लगने की ये सभी घटनाएं पटाखे जलाने की वजह से हुईं।

हैदराबाद में पटाखे जलाते समय बच्चे की आखों की रोशनी गई
हैदराबाद में दिवाली पर पटाखे जलाते समय अलग-अलग इलाकों में 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, एक और दुखद हादसे में पटाखे जलाते समय एक बच्चे की आंख की रोशनी चली गई। हैदराबाद की सिविल सर्जन डॉक्टर नजबी बेगम ने बताया कि एक दिन पहले उनके पास ऐसे मरीजों की संख्या 3 थी, लेकिन दिवाली पर ये संख्या बढ़कर 10 हो गई। इनमें चार की हालत गंभीर है।

ओडिशा में पटाखों की दुकान में आग, एक शख्स की मौत
सोमवार को ओडिशा में भी पटाखों की वजह से आग लगने की घटनाएं सामने आईं। राज्य के ढेंकनाल जिले में बडासुआंलो गांव में दिवाली पर एक पटाखों की दुकान में आग लग गई, जिसकी वजह से चार लोग घायल हुए। इनमें से एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications