Investment Scam Alert: कैसे डिजिटल निवेश ठग भारतीयों को लगा रहे लाखों का चूना? अब सरकार ने कसा शिकंजा
Digital Investment Scam Alert India 2026: भारत में डिजिटल निवेश धोखाधड़ी (Investment Scams) के मामले डराने वाली रफ़्तार से बढ़ रहे हैं। शातिर साइबर अपराधी टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म का सहारा लेकर पढ़े-लिखे लोगों की जीवनभर की कमाई पर 'डिजिटल डाका' डाल रहे हैं।
सबसे खतरनाक बात यह है कि ये स्कैम अब बेहद प्रोफेशनल, टेक्नोलॉजी-आधारित और भरोसेमंद दिखने वाले हो गए हैं, जिससे पढ़े-लिखे और आर्थिक रूप से समझदार लोग भी इनके जाल में फंस रहे हैं। हालांकि, भारत सरकार ने भी अब इन ठगों के खिलाफ 'युद्ध' छेड़ दिया है और तकनीकी हथियारों से इन पर नकेल कसने की तैयारी कर ली है।

हाल के हफ्तों में ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से ऐसी खबरें आई हैं जहाँ डॉक्टरों, कॉर्पोरेट अधिकारियों और वित्त पेशेवरों ने करोड़ों रुपये गंवा दिए हैं। यह ठगी इतनी पेशेवर तरीके से की जा रही है कि वित्तीय रूप से जागरूक लोग भी इसका शिकार हो रहे हैं।
Cyber Crime Alert Investment Scam: कैसे बुना जाता है ठगी का जाल?
आधुनिक निवेश घोटाले अब केवल फोन कॉल्स तक सीमित नहीं हैं। यह एक सुनियोजित 'फेक फाइनेंशियल कंपनी' की तरह काम करते हैं। ठगी की शुरुआत तब होती है जब पीड़ित को उसकी सहमति के बिना किसी व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया जाता है। इन ग्रुप्स में दर्जनों फर्जी सदस्य होते हैं जो "भारी मुनाफे" के स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हैं और ग्रुप एडमिन की तारीफ करते हैं।
जल्द ही एक "SEBI रजिस्टर्ड सलाहकार" स्टॉक टिप्स या बिटकॉइन सौदों की सलाह देने लगता है। पीड़ितों को एक ऐप इंस्टॉल करने के लिए कहा जाता है। विश्वास पैदा करने के लिए, शुरुआती छोटे निवेश पर ठग वास्तव में कुछ मुनाफा लौटाते हैं। एक बार भरोसा होने पर पीड़ित बड़ी रकम निवेश करता है। डैशबोर्ड पर मुनाफा बढ़ता हुआ दिखता है, लेकिन जब पीड़ित पैसे निकालना चाहता है, तो उसे टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या जीएसटी के नाम पर और पैसे भेजने के लिए मजबूर किया जाता है।
करोड़ों की ठगी के चौंकाने वाले मामले
- विशाखापत्तनम: एक डॉक्टर ने व्हाट्सएप ग्रुप के झांसे में आकर ₹2.5 करोड़ गंवा दिए।
- हैदराबाद: महज दो महीने के भीतर एक डॉक्टर से ₹4.7 करोड़ की ठगी हुई।
- ठाणे और मुंबई: एक एचआर मैनेजर से ₹36 लाख और एक एनबीएफसी कर्मचारी से ₹79 लाख की लूट हुई।
- ओडिशा: कटक पुलिस ने हाल ही में एक टेलीग्राम-आधारित घोटाले का भंडाफोड़ किया और ₹90 लाख फ्रीज किए।
शिक्षित लोग क्यों बन रहे हैं शिकार?
साइबर अपराधी मनोविज्ञान का उपयोग करते हैं। वे ऐसी वेबसाइट और ऐप्स बनाते हैं जो दिखने में असली लगती हैं। फर्जी SEBI रजिस्ट्रेशन नंबर और फर्जी प्रशंसापत्र (Testimonials) लोगों के मन में सुरक्षा का झूठा अहसास पैदा करते हैं।
सरकार का कड़ा प्रहार: तकनीकी से तकनीक की काट
भारत सरकार ने साइबर निवेश धोखाधड़ी के खिलाफ बहुस्तरीय कार्रवाई शुरू की है। 1930 हेल्पलाइन और पोर्टल: सरकार ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) और 24x7 हेल्पलाइन 1930 को मजबूत किया है। इससे शिकायत मिलते ही बैंक रीयल-टाइम में ठगी की रकम को फ्रीज कर सकते हैं। गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने टेलीग्राम चैनलों, फर्जी ऐप्स और अंतरराष्ट्रीय मनी ट्रेल्स पर नजर रखना शुरू कर दिया है।
आरबीआई, सेबी और टेलीकॉम प्रदाताओं के साथ मिलकर हजारों 'म्यूल अकाउंट्स' (Mule Accounts) और संदिग्ध सिम कार्डों को ब्लॉक किया जा रहा है। अब संदिग्ध लेनदेन का पता लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लिया जा रहा है। बड़े शहरों में विशेष साइबर पुलिस स्टेशन स्थापित किए गए हैं जो डिजिटल धोखाधड़ी को तेजी से संभालने के लिए प्रशिक्षित हैं।
क्या करें नागरिक? सुरक्षा के 5 सुनहरे नियम
सरकार ने नागरिकों के लिए विशेष एडवायजरी जारी की है:
- अनजान ग्रुप से बचें: कभी भी व्हाट्सएप या टेलीग्राम के निवेश समूहों पर भरोसा न करें।
- लिंक पर क्लिक न करें: अनजान लोगों द्वारा भेजे गए ट्रेडिंग लिंक पर क्लिक न करें।
- सत्यापन करें: निवेश से पहले SEBI की आधिकारिक वेबसाइट पर सलाहकार का रजिस्ट्रेशन नंबर जरूर चेक करें।
- व्यक्तिगत UPI से बचें: "निवेश" के लिए कभी भी व्यक्तिगत UPI आईडी पर पैसा न भेजें।
यदि आप ठगी का शिकार हुए हैं, तो तुरंत 1930 पर कॉल करें।












Click it and Unblock the Notifications