धर्मस्थला कंट्रोवर्सी: कैसे प्रचीन मंदिर की विरासत को झूठ के जाल से किया कलंकित? साजिश के 3 आयाम
Dharmasthala Controversy: कर्नाटक के धर्मस्थला में हाल के महीनों में एक ऐसी खबर ने तूल पकड़ा, जिसे 'अनन्या भट्ट केस' के नाम से जाना जा रहा है। इसे कथित तौर पर एक मां की अपनी गायब बेटी के लिए न्याय की लड़ाई बताया गया, लेकिन गहरी पड़ताल में यह मामला एक सुनियोजित और झूठ पर आधारित नैरेटिव के रूप में सामने आया है।
यह कहानी न केवल धर्मस्थला के पवित्र मंदिर की छवि को धूमिल करने की कोशिश है, बल्कि इसके पीछे गहरी साजिश और निहित स्वार्थों का खेल भी उजागर हुआ है।

अनन्या भट्ट केस: सच्चाई या गढ़ा हुआ झूठ?
कहानी शुरू होती है अनन्या भट्ट नाम की एक कथित MBBS छात्रा से, जो कस्तूरबा मेडिकल कॉलेज (KMC), मणिपाल में पढ़ती थी और 2003 में धर्मस्थला की यात्रा के दौरान रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई थी। अनन्या की मां, सुजाता भट्ट, ने दावा किया कि उनकी बेटी के गायब होने के बाद उन्हें पुलिस और मंदिर प्रशासन से कोई सहयोग नहीं मिला, बल्कि उनकी शिकायत को दबाया गया और उन्हें धमकियां दी गईं। यह कहानी इतनी मार्मिक और सनसनीखेज थी कि इसने सोशल मीडिया से लेकर अहम मीडिया तक में खूब सुर्खियां बटोरीं।
लेकिन जब इस मामले की गहराई से जांच की गई, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। कस्तूरबा मेडिकल कॉलेज के रिकॉर्ड्स में कोई 'अनन्या भट्ट' नाम की छात्रा कभी दर्ज ही नहीं थी। न ही 2003 में ऐसी किसी गायब छात्रा का कोई पुलिस या मीडिया रिकॉर्ड मौजूद है। इसका मतलब है कि इस कहानी की नींव ही झूठ पर टिकी है। अगर कोई अनन्या भट्ट थी ही नहीं, तो उसका गायब होना, उसकी मां की शिकायत, और उसका मंदिर प्रशासन से जुड़ाव-सब कुछ एक काल्पनिक नैरेटिव का हिस्सा प्रतीत होता है।
महेश शेट्टी थिमारोडी: कथित क्रूसेडर या निजी प्रतिशोध?
इस मामले में एक नाम बार-बार उभरकर सामने आया है-महेश शेट्टी थिमारोडी। अपने आप को सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले महेश का धर्मस्थला मंदिर प्रशासन के साथ पुराना विवाद रहा है। वह कई बार मंदिर से जुड़े भूमि विवादों में मुकदमे हार चुके हैं। उनकी इस कथित 'न्याय की लड़ाई' को एक निजी प्रतिशोध के रूप में देखा जा रहा है, जिसका उद्देश्य श्री क्षेत्र धर्मस्थला (SKDRDP) और मंदिर की साख को नुकसान पहुंचाना है।
महेश शेट्टी ने इस मामले को सोशल मीडिया पर जोर-शोर से उछाला और इसे एक जन आंदोलन का रूप देने की कोशिश की। उनके साथ कुछ स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया आउटलेट्स ने भी इस कहानी को हवा दी, लेकिन जब कोर्ट ने इस मामले में मंदिर प्रशासन को बरी किया, तो उन कारणों पर कोई चर्चा नहीं हुई। यह सवाल उठता है कि क्या यह सब एक सुनियोजित अभियान का हिस्सा था?
धर्मस्थला पर हमला: साजिश के तीन आयाम
इस कंट्रोवर्सी के पीछे तीन मुख्य कारण सामने आते हैं, जो इसकी गहराई को और स्पष्ट करते हैं:-
- SKDRDP के माइक्रो-लोन और सामाजिक कार्य: श्री क्षेत्र धर्मस्थला रूरल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (SKDRDP) ने लाखों लोगों को सूदखोरों के चंगुल से बचाने के लिए माइक्रो-लोन और अन्य सामाजिक कल्याण योजनाएं शुरू की हैं। यह कार्यक्रम न केवल गरीबों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाता है, बल्कि स्थानीय साहूकारों और बड़े वित्तीय हितों को भी चुनौती देता है। इसकी सफलता ने कुछ शक्तिशाली समूहों को परेशान किया है, जो इस तरह के अभियानों के जरिए SKDRDP की छवि को धूमिल करना चाहते हैं।
- शराब विरोधी अभियान: धर्मस्थला मंदिर प्रशासन ने शराब के खिलाफ एक मजबूत अभियान चलाया है, जिससे शराब माफिया की कमाई पर बड़ा असर पड़ा है। इस अभियान ने न केवल सामाजिक सुधार को बढ़ावा दिया, बल्कि उन लोगों की नाराजगी भी बढ़ाई जो इस अवैध कारोबार से मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
- धर्मांतरण विरोधी रुख: धर्मस्थला मंदिर ने हमेशा सनातन धर्म के मूल्यों को बढ़ावा दिया है और धर्मांतरण के खिलाफ मजबूत रुख अपनाया है। इससे कुछ वैचारिक समूहों और संगठनों की नाराजगी बढ़ी है, जो इस तरह के विवादों को हवा देकर मंदिर की साख को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
संदेह में पूर्व सफाई ठेकेदार की भूमिका!
इस मामले को और हवा देने वाला एक और किरदार है-एक पूर्व सफाई ठेकेदार, जिसे चोरी के आरोप में मंदिर प्रशासन ने नौकरी से निकाल दिया था। इस व्यक्ति ने दावा किया कि उसने 1995 से 2014 के बीच मंदिर प्रशासन के दबाव में सैकड़ों शवों को दफनाया या जलाया, जिनमें से कई महिलाओं और नाबालिगों के थे। उसने अपने दावों के समर्थन में कुछ हड्डियों की तस्वीरें भी पेश कीं। लेकिन उसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं, क्योंकि वह एक बर्खास्त कर्मचारी है, जिसका मंदिर प्रशासन के साथ पुराना विवाद रहा है। उसकी शिकायत को कई लोग बदले की भावना से प्रेरित मानते हैं।
साजिश का असली मकसद क्या?
इस पूरे प्रकरण को देखने से साफ होता है कि यह कोई जन आंदोलन नहीं, बल्कि एक सुनियोजित अभियान है, जिसका मकसद धर्मस्थला मंदिर और SKDRDP की छवि को नुकसान पहुंचाना है। यह अभियान निजी प्रतिशोध, आर्थिक हितों और सनातन धर्म विरोधी विचारधारा का मिश्रण प्रतीत होता है। जब संगठित झूठ को सच की तरह पेश किया जाता है, तो इसका नुकसान केवल एक संस्था को नहीं, बल्कि समाज के भरोसे और आस्था को होता है।
धर्मस्थला कंट्रोवर्सी और अनन्या भट्ट केस की सच्चाई यह है कि यह एक गढ़ा हुआ नैरेटिव है, जिसके पीछे कोई ठोस सबूत नहीं है। KMC के रिकॉर्ड्स, पुलिस और मीडिया अभिलेखों की कमी, और महेश शेट्टी जैसे व्यक्तियों का इसमें शामिल होना इस बात की पुष्टि करता है कि यह मामला सत्य से ज्यादा बदले की भावना और सनातन विरोधी एजेंडे से प्रेरित है। धर्मस्थला, जो सदियों से आस्था, सेवा और सामाजिक कल्याण का प्रतीक रहा है, आज एक ऐसी साजिश का शिकार बन रहा है, जिसका मकसद है इसकी साख को धूमिल करना। लेकिन सच हमेशा सामने आता है, और इस मामले में भी तथ्य धीरे-धीरे उजागर हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Dharmasthala केस की जांच कर रही SIT के अधिकारी पर व्हिसलब्लोअर को शिकायत वापस लेने के लिए धमकाने का आरोप












Click it and Unblock the Notifications