'काहे मूड खराब कर रहे हैं', किस बाहुबली नेता का नाम सुन चिढ़ गए धनंजय सिंह, फिर बोले-'चुनाव के बाद जवाब देंगे'
Dhananjay Singh News: लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान बाहुबली नेता धनंजय सिंह चुनाव ना लड़कर भी सुर्खियों में हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद धनंजय सिंह जेल से बाहर आ गए हैं। इसके बाद उन्होंने अपने जेल जाने से लेकर पत्नी श्रीकला के चुनाव लड़ने तक पर बात की है।
जेल से बाहर आने के बाद धनंजय सिंह अपनी पत्नी श्रीकला के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। श्रीकला सिंह ने बतौर बीएसपी उम्मीदवार जौनपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं।

धनंजय सिंह के जेल से बाहर आने का सबसे ज्यादा विरोध समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक और बाहुबली नेता अभय सिंह ने की थी। अभय सिंह ने कहा था कि, ''धनंजय सिंह 'उत्तर भारत का सबसे बड़ा डॉन' है।'' उन्होंने ये भी कहा था कि, ''गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कहकर धनंजय सिंह ने उनपर हमला करवाया था।''
UP के किस बाहुबली का नाम सुनकर भड़क गए धनंजय सिंह?
पूर्वांचल से दो बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके धनंजय सिंह ने अब अभय सिंह का नाम सुनकर लाइव इंटरव्यू में भड़क गए और पत्रकार को ये तक कह दिया कि, 'मूड काहे खराब कर रहे हैं।' न्यूज चैनल आज तक को दिए इंटरव्यू में सपा विधायक अभय सिंह के बारे में सवाल सुनकर धनंजय सिंह भड़क गए।
धनंजय सिंह ने पत्रकार को इंटरव्यू देते हुए कहा, ''काहे (क्यों) मूड खराब कर रहे हैं आप, अच्छा-खासा हम लोग राजनीतिक इंटरव्यू दे रहे हैं। इस विषय में जरूर चर्चा होगी...चुनाव के बाद। हम बताएंगे कि अपराधियों ने जिस तरीके की बात की है, उसका जवाब देंगे। हम जरूर उन लोगों को जवाब देंगे।'' उन्होंने ये भी कहा कि, 'उनका (अभय सिंह) जौनपुर में कोई वजूद नहीं है।'

धनंजय सिंह बोले- राष्ट्रवादी होने का मतलब भाजपाई होना नहीं है
इस इंटरव्यू में धनंजय सिंह ने यह भी कहा कि, 'इस देश का हर नागरिक राष्ट्रवादी है। राष्ट्रवादी होने का मतलब भाजपाई होना नहीं है। सिर्फ वही राष्ट्रवादी नहीं हैं। यहां कर कोई राष्ट्रवादी है।'
हाई कोर्ट से जमानत मिलने पर धनंजय सिंह ने कहा कि, 'मुझे तो कोई अंदेशा नहीं था कि मुझे जमानत दी जाएगी। मैं कोर्ट के सम्मान हाजिर होने गया था। मैं हमेशा से पब्लिक के बीच रहता हूं और राजनीति करता हूं। लोकतंत्र में मुझे हर बात करने और कहने का हक है।'

90 के दशक में दोस्त थे धनंजय सिंह और अभय सिंह, अब हैं जानी दुश्मन
बता दें कि धनंजय सिंह और अभय सिंह दोनों ने लखनऊ विश्वविद्यालय से छात्र राजनीति की शुरुआत की थी। दोनों को एक ही सिक्के के दो पहलू कहा जाता था। 90 के दशक के ये दोनों दोस्त आज जानी दुश्मन हैं।
आज धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी दावा करती हैं कि, अभय सिंह से धनंजय सिंह की जान को खतरा तो है। वहीं अभय सिंह कहते हैं कि, ' धनंजय सिंह लॉरेंस बिश्नोई के करीबी हैं और उससे बड़ा कोई गुंडा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications