ज्वाइंट कमिश्नर बोले- प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों की सभी मांगें मानी जाएंगी
नई दिल्ली। संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिणी रेंज) देवेश श्रीवास्तव ने दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर पर प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों से वादा किया है कि उनकी सभी मांगे मानी जाएंगी। देवेश श्रीवास्तव ने कहा है कि प्रोटेस्ट कर रहे पुलिस वालों की सभी मांगे मानी जाएंगी और प्रदर्शन करने को लेकर उनके खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई नहीं की जाएगी। साकेत और तीस हजारी कोर्ट की घटनाओं के संबंध में एफआईआर पहले ही दर्ज हो गई हैं। ऐसे में अब वो प्रदर्शन खत्म कर दें।

दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में शनिवार को पुलिस और वकीलों के बीच हुई झड़प हो गई थी। जिसके बाद कभी वकील तो कभी पुलिसकर्मी सड़क पर उतरकर विरोध कर रहे हैं। मंगलवार सुबह से ही दिल्ली पुलिस के जवान आईटीओ स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर पर प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मी आला अधिकारियों के कहने पर भी वापस हटने को तैयार नहीं हुए। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन खत्म करने के लिए छह मांगे की हैं। ये मांगे हैं- निलंबित पुलिस अधिकारियों की बहाली, घायल पुलिस अधिकारी को मुआवजा, वकीलों के खिलाफ कार्रवाई,वकीलों पर कार्रवाई ना करने के हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने वाले व्यक्तियों का सत्यापन और निचले अधिकारियों के लिए पुलिस एसोसिएशन बनाने की मांग।
इससे पहले ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजीव खुराना और पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों से शांति की अपील कर चुके हैं। कई दूसरे अधिकारी भी पहुंचे और पुलिसकर्मियों से प्रदर्शन खत्म करने को कहा लेकिन पुलिसकर्मी उनकी मानने को तैयार नहीं हुए।
वहीं इस मामले में गृह मंत्रालय ने दिल्ली हाईकोर्ट से स्पष्टीकरण मांगा है। मंत्रालय ने हाईकोर्ट से 'वकीलों पर कार्रवाई न करने' के आदेश पर सफाई देने के लिए कहा है। पुलिसकर्मी भी इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट ले जाने की बात कह रहे हैं। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में शनिवार(2 नवंबर) को पुलिस और वकीलों के बीच हुई हिंसक झड़प हुई थी। दोनों ओर से ही एक दूसरे पर हमला करने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए थे। मामले में कुछ वकील घायल हुए थे तो वहीं कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया था। घटना के बाद वकीलों ने देशभर में प्रदर्शन किया था। मंगलवार को दिल्ली पुलिस के जवान पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications