'मेरे सुझाव के बाद ही शिंदे CM बने', देवेंद्र फडणवीस ने बताया क्यों बनवाया एकनाथ को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री?
'मेरे सुझाव के बाद ही शिंदे CM बने', देवेंद्र फडणवीस ने बताया क्यों बनवाया एकनाथ को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री?
महाराष्ट्र की राजनीति में उलटफेर के बाद एक सवाल जो सबके मन में था, वो ये कि आखिर देवेंद्र फडणवीस को सीएम क्यों नहीं बनाया गया। अब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद इस बात का खुलासा किया है कि एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री क्यों बनाया गया था। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने ही मुख्यमंत्री पद के लिए एकनाथ शिंदे का नाम सुझाया था।

मेरे सलाह के बाद शिंदे को बनाया गया CM: देवेंद्र फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "एक बात मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय मेरे साथ सलाह और चर्चा करने के बाद लिया गया था और वास्तव में नेशनल टेलीविजन पर यह कह सकता हूं कि यह मेरा प्रस्ताव था। मैंने कहा कि उन्हें (एकनाथ शिंदे) मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री और हमारे नेताओं ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। तो निश्चित रूप से, यह मेरे लिए बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं था।''

'कोई यह न कहे कि हमने सत्ता के लिए...'
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "शिंदे को समर्थन देने का फैसला महाराष्ट्र की स्थिति को देखते हुए लिया गया था। मैंने सरकार से बाहर रहने का फैसला किया ताकि कोई यह न कहे कि हमने सत्ता के लिए, लालच के लिए हाथ मिलाया है। मेरे नेताओं ने मुझे बताया कि मेरे अनुभव की जरूरत महाराष्ट्र को चलाने के लिए चाहिए, इसलिए राज्य में सरकार में डिप्टी सीएम बना। उन्होंने कहा कि सरकार बाहर से नहीं चल सकती है, इसलिए उन्होंने मुझे सरकार में शामिल होने के लिए कहा। पीएम मोदी का भारत का सपना महाराष्ट्र के बिना पूरा नहीं हो सकता है।''

कहा जा रहा था कि उपमुख्यमंत्री के पद से खुश नहीं हैं फडणवीस
बता दें कि जब से राज्य सरकार का गठन हुआ और एकनाथ शिंदे को सीएम और फडणवीस डिप्टी सीएम बनाया गया, तब से यह माना जाता था कि पूर्व मुख्यमंत्री ये पद लेने के लिए तैयार नहीं थे लेकिन केंद्र सरकार के दबाव में ही सहमत हुए हैं। यह अनुमान लगाया गया था कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में महा विकास अघाड़ी सरकार के गठन के बाद से, फडणवीस मुख्यमंत्री के रूप में वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे, लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उनकी योजनाओं पर पर्दा डाल दिया क्योंकि उन्हें लगा कि शिंदे को मुख्यमंत्री बनाना है। हालांकि अब देवेंद्र फडणवीस ने इसपर बयान देकर मामले को एकदम साफ कर दिया है।

'उद्धव ठाकरे ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा, इसलिए हम बदला लेना चाहते थे'
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसी कार्यक्रम उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "जब हम विपक्ष में थे, जिस तरह से शिवसेना ने हमारे साथ व्यवहार किया, जिस तरह से उद्धव ठाकरे ने हमारे पीठ में छुरा घोंपा। हम बदला लेने का मौका ढूंढ रहे थे। अगर कोई बगावत करने का फैसला करता है, तो हम उसे वापस जाने के लिए नहीं कहेंगे। हमने पेशकश की 100 प्रतिशत समर्थन देंगे। मुझे खुशी है कि जिस तरह से मेरे साथ गलत हुआ, हमने उसका बदला लिया।" उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में आने वाले सभी चुनाव "शिंदे जी की शिवसेना" के साथ लड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications