मलिक ने फडणवीस पर फोड़ा हाई़ड्रोजन बम, कहा-'वानखेड़े को बचाने की कोशिश कर रहे पूर्व CM, करते थे धन उगाही'
मुंबई, 10 नवंबर। महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने बुधवार को प्रेसवार्ता करके पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आज सुबह कहा कि 'मेरे पास सबूत हैं, जिससे साबित होता है कि जब देवेंद्र फडणवीस राज्य के मुखिया थे तब उनके इशारे पर महाराष्ट्र में जमकर धन उगाही हुई, उनके कार्यकाल में नकली नोटों का कारोबार चल रहा था। देवेंद्र के आशीर्वाद से महाराष्ट्र में जमकर जाली नोटों का कारोबार फला-फूला था।'
Recommended Video

'वानखेड़े को बचाने की कोशिश कर रहे फडणवीस'
मलिक यहीं नहीं रूके,उन्होंने एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े का जिक्र भी अपनी प्रेस वार्ता में किया। नवाब मलिक ने कहा कि 'देवेंद्र फडणवीस जानबूझकर ड्रग्स मामले को डायवर्ट करने में जुटे हैं और ऐसा करके वो अपने करीबी समीर वानखेड़े को बचाने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि उनकी वजह से ही धन उगाही हुई है। मलिक ने कहा कि मैं एक ऐसे शख्स के खिलाफ लड़ रहा हूं, जो बेगुनाह लोगों को फर्जी मामलों में फंसा रहा है।'

मलिक ने लगाए फडणवीस पर गंभीर आरोप
नवाब मलिक ने आगे कहा कि 'मैं फडणवीस के बारे में एक बड़ी बात बताता हूं। उन्होंने अपने कार्यकाल में नागपुर के कुख्यात अपराधी मुन्ना यादव को कंस्ट्रक्शन वर्कर्स बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया था। यही नहीं हैदर आजम नाम के नेता को फाइनेंस कॉर्पोरेशन का अध्यक्ष बनाया था जबकि वह बांग्लादेश के लोगों को मुंबई में बसाने का काम करता था और उसकी दूसरी बीवी भी बंग्लादेशी थी। उसकी जांच मलाड पुलिस कर रही थी लेकिन अचानक से उसकी जांच रोक दी गई क्योंकि पुलिस ऑफिस में सीएम के ऑफिस से फोन आ गया था कि मामले को रफा-दफा कर दिया जाए और वो हो गया।'

'फडणवीस और उनकी टीम धन उगाही ही करती थी'
नवाब मलिक ने कहा कि 'वो मुझे कह रहे हैं कि मेरे अंडरवर्ल्ड के लोगों से रिश्ते हैं अरे सच तो ये है कि फडणवीस खुद इन लोगों के करीबी रहे हैं। हर चीज में वो धन उगाही करते थे। चाहे मामला बिल्डर्स का हो या फिर किसी से विवाद का, फडणवीस और उनकी टीम धन उगाही ही करती थी।'
'मलिक ने दाऊद के परिवार से जमीन खरीदी'
आपको बता दें कि मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवाब मलिक पर गंभीर आरोप लगाए थे। देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि 'महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के परिवार के संबंध मुबंई धमाकों में शामिल दाऊद इब्राहिम की फैमिली से हैं। उन्होंने दाऊद के परिवार से जमीन खरीदी थी। पूर्व सीएम ने यह भी कहा था कि जमीन को दाऊद के लोगों से सस्ते दाम में खरीदा गया था।'
मलिक ने फोड़ा हाईड्रोजन बम
जिस पर मलिक ने कहा था कि 'फडणवीस झूठ बोल रहे हैं। मैं और मेरा परिवार किसी भी गैंगवार के लोगों से नहीं जुड़ा हुआ है। मैं बुधवार सुबह 10 बजे हाईड्रोजन बम फोड़ूंगा' और आज उन्होंने प्रेसवार्ता करके फडणवीस पर गंभीर आरोप लगा दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications