फडणवीस के आरोपों पर भड़के मलिक, कहा- 'कल मैं फोड़ूंगा अंडरवर्ल्ड का हाईड्रोजन बम'
मुंबई, 09 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आरोपों पर महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने प्रतिक्रिया देते हुए पलटवार किया है। उन्होंने फडणवीस के पीसी के तुरंत बाद प्रेस वार्ता की और फडणवीस के सारे आरोपों को गलत और बेबुनियाद करार दिया। मलिक ने कहा कि 'हमने कोई गलत काम नहीं किया है और ना ही हमने अंडरवर्ल्ड के किसी भी व्यक्ति से ये प्रापर्टी खरीदी है। फडणवीस जी, आपके झूठ का पुलिंदा खड़ा कर देने से सच बदल नहीं जाएगा।' नवाब मलिक ने आगे कहा कि 'फडणवीस ने बम फोड़ने का दावा किया था, वो तो फूटा नहीं लेकिन कल दस बजे तक इंतजार कीजिए, मैं कल फोड़ूंगा हाईड्रोजन बम।'

नवाब मलिक ने कहा कि 'मैं पिछले 62 साल से मुंबई में रह रहा हूं। आज तक मेरे खिलाफ कोई भी गलत बात सामने नहीं आई। मेरा किसी भी गैंगवार से संबंध नहीं है। जिस जमीन की बात फडणवीस कर रहे हैं, वहां हम किराएदार थे पहले, जमीन के मालिक ने हमें वो प्रापर्टी अपनी इच्छा से बेची थी क्योंकि उनको उस वक्त जरूरत थी। एक सिक्योरिटी वाले ने जमीन पर अपना नाम लिखवा लिया था। हमने वो जमीन पूरे ट्रांसपेरेंट रूप में खरीदी है। जिस जगह की वो बात कर रहे हैं, वहां जाकर मीडिया वाले देखें कि केवल वहां 190 मकान हैं। किसी भी गैंगवार का वहां दूर-दूर तक कोई भी नामोनिशान नहीं हैं।'

मलिक ने आगे कहा कि 'मेरे खिलाफ एक माहौल खड़ा किया गया कि मेरे बम ब्लास्ट के आरोपियों से संबंध हैं। आज एक जगह को लेकर आपने लोगों के सामने कुछ कागज रखे कि हमने 1.5 लाख फुट जमीन कौड़ी के मोल एक माफिया के जरिए खरीदी है। हमें लगता है कि फडणवीस जी आपके मुख़बिर कच्चे खिलाड़ी हैं। आपने राई को गलत ढंग से पर्वत बनाने की कोशिश की लेकिन आपका झूठ बड़ा हल्का निकला। अब आप कल का इंतजार कीजिए,आपको जवाब कल 10 बजे मेरी बिटिया देगी। हमें लगता है कि आपको कल के दस बजे का बेसब्री से इंतजार होगा।' नवाब मलिक ने कहा कि 'आपके शासनकाल में जिस तरह से आपके अंडरवर्ल्ड से रिश्ते रहे हैं, उसका सबूत मेरे पास है। किस तरह से एक ऑफिसर के साथ मिलकर आप के लोगों ने धन उगाही की है, वो सच भी जल्द सामने आएगा।'












Click it and Unblock the Notifications