घने कोहरे की चादर में लिपटा उत्तर भारत, दिल्ली समेत इन राज्यों में आज हो सकती है बारिश
नई दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है, जिसके बाद ठंड में इजाफा होगा और गलन बढ़ेगी। शुक्रवार को दिल्ली और पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा छाया हुआ है और सर्दी बढ़ी है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम का यही हाल अब आने वाले दिनों मे भी रहेगा।
Recommended Video
राजधानी में बारिश होने की आशंका
फिलहाल दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, आज राजधानी में बारिश होने की भी आशंका है। गौरतलब है कि पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है, पिछले चौबीस घंटे में हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है जिसकी वजह से ठंड बढ़ी है। जम्मू, हिमाचल प्रदेश हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में आज बारिश से साथ ओले पड़ने की आशंका है, मौसम विभाग ने यहां के लिए पहले ही अलर्ट जारी किया हुआ है।
बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका
मौसम विभाग ने कहा है कि मिजोरम, त्रिपुरा, असम , मेघालय, बिहार और पश्चिम बंगाल में आने वाले 5 दिनों में कोहरे का कोहराम देखने को मिलेगा तो वहीं दूसरी तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका व्यक्त की गई है।
मुंबई में आज हल्की बारिश हुई
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर बारिश की आशंका है, जिसके बाद ठंड में इजाफा होगा। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़ में इन दिनों जमकर सर्दी पड़ रही है। राजस्थान के कई जिलों में पारा 5 डिग्री और उससे कम पर पहुंच चुका है तो वहीं शीतलहरों ने भी लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। तो वहीं मुंबई में आज हल्की बारिश हुई है।
बिजली कड़कने के साथ ओले पड़ने की आशंका
तो वहीं दक्षिण भारत में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। अंडमान व निकोबार, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, रायलसीमा, तेलंगाना और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है तो वहीं आज बिहार-झारखंड, यूपी के अधिकतर शहरों का तापमान नीचे आने की संभावना है। इस दौरान कोल्ड डे व कोल्ड वेव की स्थिति भी बन सकती है, कोहरा भी अपना कहर बरपाएगा। तो वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ , दिल्ली में 11 और 12 दिसंबर को बिजली कड़कने के साथ ओले पड़ने की आशंका है।