जस्ट डायल से 'स्पा में जिस्मफरोशी', दिल्ली महिला आयोग ने जारी किया समन
नई दिल्ली, 8 नवंबर: स्पा सेंटरों में जिस्मफरोशी के धंधे में जस्टडायल की भूमिका को लेकर दिल्ली महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने इसको लेकर जस्टडायल को समन जारी किया है। साथ ही दिल्ली पुलिस को भी इस मामले पर ध्यान देते हुए एफआईआर दर्ज करने को कहा है। सोमवार को दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाती मालीवाल ने इसको लेकर जानकारी दी है।

दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाती मालीवाल ने सोमवार को ट्वीट करते हुए कई तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें स्पा सेंटरों में सेक्स रैकेट से जुड़ी बातों के स्क्रीनशॉट हैं। इसको शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है- हमने जस्टडाल पर कॉल कर स्पा मसाज के लिए फेक इंक्वाइरी की तो हमारे फोन पर 50 ऐसे मेसेज आ गए जिसमें 150 से ज़्यादा लड़कियों के 'रेट' बताए गए। जस्ट डायल और दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को समन जारी कर रही हूं, इस धंधे को बढ़ावा देने में जस्टडायल का क्या रोल है?
इस मामले में जस्टडायल को 12 नवंबर को महिला आयोग के सामने पेश होना होगा। वहीं दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को एफआईआर करने के लिए आयोग ने कहा है। दिल्ली महिला आयोग की ओर से बताया गया कि आयोग को दिल्ली के स्पा में चलाए जा रहे वेश्यावृत्ति रैकेट के खिलाफ कई शिकायतें मिलीं। जिसके बाद आयोग ने एक जांच दल का गठन किया। जांच में पाया गया कि जस्टडायल से मिले नंबर से लड़की की तस्वीर भेजी गई और बोला गया कि 2500 रुपए लगेंगे और पूरी रात का रेट 7000 लगेगा। इसके बाद आयोग ने पुलिस और जस्टडायल को समन जारी किया।












Click it and Unblock the Notifications