झुलसती दिल्ली को मिली राहत, प्री-मानसून की बारिश से फिजाओं में घुली मोहब्बत
नई दिल्ली। आखिरकार गर्मी से उबल रहे दिल्ली-एनसीआर पर इंद्र देवता मेहरबान हुए, जिसकी वजह से आज सुबह बारिश ने राजधानी और आस-पास के इलाकों को जमकर नहलाया है। झमाझम बारिश ने लोगों को मुस्कुराने और गुनगुनाने का मौका दिया है। बारिश की वजह से आज सुबह तापमान में गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ये प्री-मॉनसून की दस्तक है।

आपको बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही इसके आसार जता दिए थे कि 27-28 जून को मॉनसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है, बारिश की वजह से दौड़ती-भागती दिल्ली जरा देर के लिए सुस्त तो पड़ी लेकिन इस सुस्ती में भी लोगों की मस्ती दिखाई दी।

आज सुबह-सुबह लोग सुहाने मौसम का आनंद लेते हुए नजर आए। विभाग ने कहा है कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में जमकर बारिश हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार, भारत में पिछले साल से अच्छा मॉनसून रहने की उम्मीद है, हालांकि दिल्ली में मॉनसून में देरी हुई है लेकिन ये सामान्य से अच्छा रहेगा। फिलहाल मौसम की बदली करवट ने लोगों को मुस्कुराने का मौका दिया है। आपको बता दें कि पिछले 10-15 दिनों से दिल्ली में पारा 40 के पार चल रहा था और गर्म हवाओं और धूल भरी आंधियों ने लोगों का जीना मुहाल किया था।












Click it and Unblock the Notifications