नागरिकता कानून: प्रदर्शन में जान गंवाने वालों के परिवार को साढ़े पांच लाख की मदद देगा दिल्ली वक्फ बोर्ड
प्रदर्शन में जान गंवाने वालों के परिवार को साढ़े पांच लाख देगा दिल्ली वक्फ बोर्ड
नई दिल्ली। दिल्ली वक्फ बोर्ड की ओर से कहा गया है कि नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान मारे गए लोगों को परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। ओखला से आम आदमी पार्टी के विधायक, और दिल्ली वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अमानतुल्ला खान ने शनिवार को ये बताया है।

नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कई जगहों पर विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा हुई है। उत्तर प्रदेश में 15 और कर्नाटक के मंगलुरू में पुलिस की गोली से दो लोगों की मौत अब तक हुई है। अमानतुल्लाह खान ने कहा है कि मृतकों के परिजनों को दिल्ली वक्फ बोर्ड 5-5 लाख रुपए की मदद देगी।
इससे पहले जामियानगर में हिंसा के दौरान अपनी एक आंख गंवाने वाले छात्र मिन्हाजुद्दीन को दिल्ली वक्फ बोर्ड की ओर से 5 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक और वक्फ बोर्ड में नौकरी दी गई है मिन्हाजुद्दीन को वक्फ बोर्ड में लीगल असिस्टेंट की नौकरी का नियुक्ति पत्र दिया गया है।
बता दें कि नागरिकता संशोधन एक्ट, 2019 को हाल ही में सदन से मंजूरी मिली है। इस कानून में पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता का प्रस्ताव है। कांग्रेस समेत ज्यादातर विपक्षी दल और कई सामाजिक संगठन इस बिल का विरोध कर रहे हैं। देशभर की बड़ी यूनिवर्सिटियों के छात्र भी इसके खिलाफ सड़कों पर हैं। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि धर्म के आधार पर कानून बनाना भारत के संविधान पर हमला है।












Click it and Unblock the Notifications