दिल्ली हिंसा: हाईकोर्ट में नई याचिका दायर, हेट स्पीच देने वाले नेताओं की संपत्ति कुर्क करने की मांग
नई दिल्ली। हेट स्पीच के मामलों को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में नई याचिका दायर की गई है, जिसमें कथित तौर पर हेट स्पीच और दिल्ली हिंसा के दौरान आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले कई नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। इस याचिका में आरोपी नेताओं की संपत्ति कुर्क करने की मांग की गई है।

दिल्ली हाईकोर्ट में दायर इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, सलमान खुर्शीद, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, कपिल मिश्रा और कई अन्य नेताओं ने हेट स्पीच दिया था। इस याचिका में ये भी मांग की गई है कि नफरत भरे भाषण देने वाले नेताओं की संपत्ति बेची जाए और उससे उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के पीड़ितों को मुआवजा दिया जाए। बता दें कि इसके पहले शुक्रवार को दिल्ली हिंसा के मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई हुई थी।
दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। इस मामले पर अगली सुनवाई 12 मार्च को होनी है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने हिंसा के मामले में 1800 से अधिक लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया है। जबकि इस मामले में पुलिस ने 654 केस दर्ज किए हैं जिनमें 47 मामले आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास हिंसा से जुड़े वीडियो-फोटो हों तो वे पुलिस को सौंपें।
बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के समर्थकों और विरोध करने वाले गुट के बीच झड़प के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इलाके में हिंसा भड़क गई थी। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर, जाफराबाद, सीलमपुर, गोकुल विहार, शिव विहार, भजनपुरा के इलाके में दंगाइयों ने आगजनी और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया। कई दुकानों को जला दिया गया, जबकि कइयों के घर जल गए। इस हिंसा में 53 लोगों की मौत हो गई, जिसमें आईबी अफसर अंकित शर्मा और दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications