'बंदूकबाज' आशीष पांडे के खिलाफ चार्जशीट जल्द, जिस शख्स को धमकाया था वो बनेगा सरकारी गवाह
नई दिल्ली। होटल हयात में पिस्टल निकालकर महिला और पुरुष को धमकाने वाले आशीष पांडे के खिलाफ जल्द ही पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दायर करेगी। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। ऐसी उम्मीद है कि दिवाली से पहले चार्जशीट फाइल कर दी जाए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पटियाला हाउस कोर्ट में फाइल की जाने वाली चार्जशीट में शिकायतकर्ता हयात होटल के सिक्योरिटी मैनेजर ही रहेंगे।

वहीं वायरल वीडियो में आशीष जिस शख्स को धमकाता नजर आ रहा है उन्हें सरकारी गवाह बनाया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले में कुछ और भी धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी इस मामले में एफएसएल रिपोर्ट आना बाकी है।
आशीष के साथ गाड़ी में दिख रही तीन विदेशी लड़कियों के भी स्टेटमेंट लिया जाना बाकी है। इन लड़कियों के स्टेटमेंट्स को बाद में सपलिमेंट्री चार्जशीट के माध्यम से इसी चार्जशीट में जुड़वा दिया जाएगा। सबूत के तौर पर पुलिस ने आशीष की मेड इन इस्राइल पिस्टल और गाड़ी जब्त कर ली है।
जानिए कौन है आशीष पांडे
आशीष पांडे एक बड़े राजनीतिक परिवार से आता हैं। उसके पिता राकेश पांडे बसपा पार्ट से अंबेडकर नगर के सांसद रह चुके हैं। वहीं उसका भाई रितेश पांडे अंबेडकर नगर के जलालपुर से बसपा विधायक हैं। खुद आशीष ने एक बार चुनाव लड़ा था लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा था। आशीष अभी लखनऊ में रियल एस्टेट बिजनेस चलाता है। आशीष और उसका पूरा परिवार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रहते हैं। बताया जा रहा है कि लखनऊ का रहने वाला आशीष अक्सर अपने दोस्तों के साथ दिल्ली आता रहता है।












Click it and Unblock the Notifications