लालू यादव की AIIMS से छुट्टी, बोले- मुझे कुछ हुआ तो मोदी जिम्मेदार
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को सोमवार दोपहर को दिल्ली के एम्स से छुट्टी दे दी गई।
नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को सोमवार दोपहर को दिल्ली के एम्स से छुट्टी दे दी गई। हालांकि लालू यादव ने एम्स को चिट्ठी लिखकर, अपनी बीमारियों की लिस्ट देते हुए उन्हें रांची शिफ्ट ना किए जाने की मांग की थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने उनकी मांग को ना मानते हुए उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। डिस्चार्ज किए जाने के बाद लालू यादव ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी के दबाव में एम्स ने उन्हें डिस्चार्ज किया है।

'मेरे लिए कठिन समय, लेकिन सामना करूंगा'
लालू यादव ने कहा, 'यह बेहद अन्यायपूर्ण है। लालू यादव की तबीयत को और खराब करने के लिए यह एक साजिश है। मुझे एक ऐसी जगह शिफ्ट किया जा रहा है, जहां इलाज की कोई सुविधा नहीं है। यह समय मेरे लिए बहुत कठिन है, लेकिन मैं इसका सामना करूंगा। यह सब कुछ पीएम मोदी के दबाव में किया जा रहा है। अगर मुझे कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदार केंद्र सरकार होगी।'

'एम्स ने जल्दबाजी में लिया फैसला'
लालू यादव को एम्स से डिस्चार्ज किए जाने पर उनके बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी नाराजगी जाहिर की। तेजस्वी यादव ने कहा, 'लालू यादव को एम्स से रांची हॉस्पिटल में शिफ्ट करने का फैसला जल्दबाजी में लिया गया है। इतनी जल्दबाजी में लालू जी को क्यों शिफ्ट किया जा रहा है, इसके पीछे क्या वजह है, ये तो एम्स प्रशासन ही बता सकता है।'

'मैं कई बार बाथरूम में गिर भी गया हूं'
इससे पहले एम्स के निदेशक को लिखी चिट्ठी में लालू ने कहा, 'मुझे जानकारी दी गई है कि अस्पताल प्रशासन मुझे डिस्चार्ज करने की तैयारी कर रहा है। मुझे रांची मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से अच्छे इलाज के लिए एम्स भेजा गया था। मेरी तबीयत अभी सही नहीं हुई है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैं हृदयरोग, किडनी इंफेक्शन, सुगर और कई अन्य प्रकार के बीमारियों से पीड़ित हूं। कमर में दर्द है और बार-बार चक्कर आ जा रहा है। मैं कई बार बाथरूम में गिर भी गया हूं। मेरा ब्लड प्रेशर और शुगर बीच-बीच में बढ़ जाता है। मेरी इन सब बीमारियों का इलाज यहां चल रहा है, इसलिए मुझे अभी एम्स से शिफ्ट ना किया जाए।'












Click it and Unblock the Notifications