दिल्ली प्रदूषण: आज तेज हवा चलने से धुंध छंटने की उम्मीद
नई दिल्ली। दिल्ली में बीते कई दिनों से आसमान पर छाई जहरीली धुंध मामूली तौर पर ही सही लेकिन अब कम हो रही है। स्मॉग की स्थिति में गुरुवार से शुरू हुआ सुधार शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार रात को पिछली रातों के मुकाबले दृश्यता में सुधार हुआ और वायु प्रदूषण के इंडेक्स में भी आंशिक रूप से गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने शनिवार को दिल्ली की आबो-हवा में और सुधार की संभावना की बात कही है। शनिवार को तेज हवा चलने से धुंध के छंटने और स्थिति में तेजी से सुधार की उम्मीद है।

सीपीसीबी के मुताबिक दिल्ली और एनसीआर के वातावरण में पार्टिकुलेट मैटर (प्रदूषक तत्व) लगातार बने हुए हैं लेकिन अच्छी बात ये है कि धुंध छंट रहा है। वायु प्रदूषण के औसत स्तर की बात करें तो बुधवार को ये 478 रिकॉर्ड हुआ था, तो गुरुवार को बढ़कर 487 पहुंच गया। शुक्रवार को यह घटकर 459 पर आ गया। शनिवार को इसमें और सुधार की उम्मीद है।

सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग रिसर्च के मुताबिक दोपहर के वक्त हवा की रफ्तार थोड़ी सी बढ़ी है, इससे अगले दो दिनों में प्रदूषण के कम होने की उम्मीद बन रही है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगर पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में बारिश हुई, तो इससे भी प्रदूषण से बेहाल दिल्ली को राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में दृश्यता का स्तर भी सुधरा है। गुरुवार को दृश्यता का स्तर 200 मीटर था जो शुक्रवार को 400 मीटर हो गया।












Click it and Unblock the Notifications