सोशल मीडिया पर नागरिकता कानून को लेकर गलत जानकारी साझा करना पड़ेगा महंगा, दिल्ली पुलिस रख रही है पैनी नजर
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जिस तरह से विरोध प्रदर्शन हो रहा है और लोग इस कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसक रूप अख्तियार कर रहे हैं, उनपर दिल्ली पुलिस कड़ी नजर रख रही है। दिल्ली पुलिस तमाम सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि नागरिकता संशोधन कानून के बारे में गलत जानकारी ना फैलाई जाए, जिसकी वजह से माहौल तनावपूर्ण हो सकता है या फिर हिंसा भड़क सकती है। पुलिस की ओर से कहा गया है कि दिल्ली में मंगलवार को हुई हिंसा में कई लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान की गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हम तमाम सीसीटीवी फुटेज को भी तलाश रहे हैं जिसके आधार पर उपद्रवियों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Recommended Video

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हम तमाम सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रख रहे हैं ताकि सोशल मीडिया पर गलत जानकारी को नहीं फैलाया जाए। अगर कोई भी कानून का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जाफराबाद और सीलमपुर में हुई हिंसा के मामले में अभी तक पुलिस ने कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनपर आरोप है कि यह लोग हिंसा भड़काने में शामिल थे। दिल्ली में मंगलवार को हुई हिंसा को लेकर अभी तक दो एफआईआर दर्ज की गई है।
दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया था ताकि वह उपद्रवियों पर पैनी नजर रख सके। अब इस ड्रोन की वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है ताकि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा सके और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने पूर्वोत्तर दिल्ली के कई इलाकों में धारा 144 को लागू कर दिया है। साथ ही कहा गया है कि जाफराबाद और सीलमपुर में हुए प्रदर्शन के बाद आज दिल्ली में शांतिपूर्ण माहौल है। रोड नंबर 13 जोकि जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के करीब है वहां पर कुछ प्रदर्शन हुआ है, लेकिन अन्य जगहों पर माहौल शांतिपूर्ण है।












Click it and Unblock the Notifications