जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने की पूरी तैयारी, सवालों की लंबी लिस्ट तैयार
नई दिल्ली, 13 सितंबर। सुकेश चंद्रशेखर केस में फिल्म अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिज की मुश्किलें वाली हैं। दरअसल दिल्ली पुलिस ने जैकलीन फर्नांडिस से पूछताछ के लिए सवालों की एक लंबी लिस्ट तैयार की है। इन सवालों को जैकलीन से दिल्ली पुलिस पूछने की तैयारी कर रही है। दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग बुधवार को जैकलीन फर्नांडीज से 200 करोड़ रुपए की फिरोती केस मामले में पूछताछ करेगी।

कल होगी पूछताछ
रिपोर्ट के अनुसार 200 करोड़ रुपए की फिरौती केस मामले में ठग सुकेश रंजन शामिल है। सुकेश के साथ जैकलीन के रिश्तों के चलते उनसे दिल्ली पुलिस की टीम बुधवार को पूछताछ कर सकती है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैकलीन फर्नांडिस को पुलिस ने समन भेजा है और उन्हें पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा गया है। जैकलीन को ईओडब्ल्यू ऑफिस आने के लिए कहा गया है। जैकलीन को 14 सितंबर को सुपह 11 बजे मंदिर मार्ग स्थिति ईओडब्ल्यू कार्यालय बुलाया गया है।

क्या होंगे सवाल
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैकलीन से पूछताछ के लिए सवालों की लिस्ट तैयार की गई है। पुलिस जैकलीन से सुकेश के साथ उनके रिश्तों को लेकर सवाल पूछ सकती है। पुलिस जैकलीन से यह पूछ सकती है कि सुकेश के साथ वह कितनी बार मिलीं। उन्होंने सुकेश के साथ कितने बार संपर्क किया। इसके साथ ही पुलिस की टीम ने पिंकी ईरानी को भी पूछताछ में शामिल होने के लिए बुलाया है।

पिंकी ने की थी मदद
गौर करने वाली बात है कि पिंकी ईरानी ने ही जैकलीन को सुकेश रंजन से मिलाने में मदद की थी। पिंकी ईरानी सुकेश और जैकलीन दोनों को जानती थीं और दोनों को मिलाने में भी पिंकी की भूमिका काफी अहम है। सूत्रों के अनुसार पिंकी और जैकलीन को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा सकती है जिससे कि इस पूरे मामले में जांच एजेंसियों को और भी स्पष्टता मिल सके।

जैकलीन का नाम चार्जशीट में
रिपोर्ट की मानें तो जैकलीन फर्नांडिस से पुलिस की ओर से कहा गया है कि उनसे लंबी पूछताछ हो सकती है। हो सकता है कि उनसे दो दिन तक पूछताछ की जाए, ऐसे में वह दिल्ली में रुकने के लिए अपनी तैयारी करके आएं। इससे पहले ईडी ने जैकलीन का नाम अपनी चार्जशीट में शामिल किया था। सुकेश के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने जैकलीन के नाम को भी शामिल किया था।

नोरा फतेही से अलग होंगे सवाल
ईडी की चार्जशीट में कहा गया है कि जैकलीन सुकेश के बारे में जानती थीं कि वह आपराधिक मामलों में शामिल है, लेकिन इसके बावजूद भी उन्होंने सुकेश के साथ लेन-देन किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैकलीन से जो सवाल पूछे जाएंगे वह नोरा फतेही के सवालों से अलग हो सकते हैं। गौर करने वाली बात है कि नोरा फतेही से भी पहले पूछताछ की जा चुकी है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि क्या दोनों अभिनेत्रियां इसमे शामिल हैं।

नोरा ने भी लिए थे गिफ्ट
वर्ष 2021 के सितंबर-अक्टूबर माह में ईडी ने नोरा फतेही का बयान दर्ज किया था, जहां नोरा ने इस बात को स्वीकार किया था कि उन्हें सुकेश के गिफ्ट मिले थे, उनकी एक्ट्रेस पत्नी लीना से भी तोहफे मिले थे। जैकलीन ने पिछले साल अपने बयान में कहा था कि उन्होंने सुकेश से गिफ्ट लिए थे। गौर करने वाली बात है कि सुकेश चंद्रशेकर बेंगलुरू का रहने वाला है, फिलहाल वह दिल्ली की जेल में बंद है, उसके खिलाफ 10 आपराधिक मामले दर्ज है। उसपर 200 करोड़ रुपए की फिरौती लेने का आरोप है।












Click it and Unblock the Notifications