प्लेन में सिगरेट पीने वाले बॉबी कटारिया की बढ़ी मुश्किलें, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR
नई दिल्ली, 16 अगस्त: बॉडी बिल्डर और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर बलवंत कटारिया उर्फ बॉबी कटारिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्पाइसजेट विमान के अंदर सिगरेट पीने वाले वायरल वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस ने बॉबी कटारिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। बता दें, वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जांच के आदेश दिए थे। मंत्री ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, ''इसकी जांच की जा रही है। ऐसे खतरनाक व्यवहार के लिए कोई सहनशीलता नहीं है।''

बॉबी ने 20 जनवरी को दुबई से नई दिल्ली तक का सफर किया था तय
बॉबी कटारिया का बीते दिनों विमान में सिगरेट पीने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद स्पाइस जेट के अधिकारी ने पुलिस को शिकायत दी थी। स्पाइसजेट के मुताबिक, बॉबी कटारिया ने 20 जनवरी को विमान में दुबई से नई दिल्ली का सफर तय किया था। इसके बाद 24 जनवरी को उसका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह विमान के भीतर सिगरेट पीते हुए दिख रहा है। बॉबी ने इस हरकत से विमान और उसमें बैठे सभी यात्रियों का जीवन खतरे में डाला। पुलिस ने सेफ्टी ऑफ सिविल एविएशन एक्ट 1982 की धारा 3सी के तहत मामला दर्ज किया है।

स्पाइसजेट ने 'नो फ्लाइंग लिस्ट' में डाल दिया था
बता दें, फ्लाइट में यात्रियों को न तो लाइटर ले जाने और न ही सिगरेट पीने की इजाजत होती है। ऐसे में स्पाइस जेट ने जांच के बाद बॉबी कटारिया को 15 दिन के लिए 'नो फ्लाइंग लिस्ट' में डाल दिया था। इंस्टाग्राम पर बॉबी कटारिया के 6.3 लाख फॉलोवर्स हैं। सोशल मीडिया पर बॉबी कटारिया का फ्लाइट के अंदर सिगरेट पीने का वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संज्ञान लिया था। मंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए थे और कहा था कि ऐसे खतरनाक व्यवहार के लिए कोई सहनशीलता नहीं है।

जल्द हो सकती है बॉबी कटारिया की गिरफ्तारी
बॉबी कटारिया के खिलाफ आईजीआई एयरपोर्ट थाने में पुलिस ने गंभीर धारा में एफआईआर दर्ज की है। इसमें उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है। पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सकती है। बता दें, इससे पहले बॉबी कटारिया का देहरादून-मसूरी मार्ग के बीचोंबीच कुर्सी डालकर शराब पीने का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में भी पुलिस ने बॉबी के खिलाफ केस दर्ज किया था। वहीं, सोशल मीडिया यूजर्स भी इस बॉबी की हरकत से नाराज थे। उन्होंने इसे 'देवभूमि' उत्तराखंड की संस्कृति के साथ खिलवाड़ बताया था।












Click it and Unblock the Notifications