Delhi Flood Alert: खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा यमुना का जल स्तर, हेल्पलाइन नंबर जारी
नई दिल्ली। दिल्ली और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, राजधानी में सोमवार को यमुना नदी जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया, सोमवार शाम को यमुना का जलस्तर. 205.34 मीटर तक पहुंच गया है जो खतरे के निशान से ज्यादा है, यमुना में खतरे का निशान 205.33 मीटर है, बता दें कि इससे पहले सरकार ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की थी, रविवार दोपहर दो बजे जलस्तर 205.14 मीटर पर था, आज शाम चार बजे तक यमुना का जलस्तर 206.20 मीटर तक पहुंच सकता है, तो वहीं, यमुना के खतरे के निशान को छूने से पहले ही आसपास के इलाकों में खलबली मच गई है।

हथिनी कुंड बैराज
मालूम हो कि हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने और यमुना का जल स्तर बढ़ने से जान माल के नुकसान का खतरा पैदा हो गया है, अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा ने रविवार को थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी छोड़ा, उन्होंने बताया कि रविवार शाम पांच बजे 8 लाख 14 हजार क्यूसेक पानी हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया था।

यमुना ब्रिज से गुजरने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया है
बाढ़ के खतरे को देखते हुए लोग अब अपना जरूरी सामान लेकर आशियाने छोड़कर जा रहे हैं, इनकी मदद के लिए सरकार ने 2,120 कैंप लगाए हैं, साथ ही यमुना ब्रिज से गुजरने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया है, अनुमान है कि दिल्ली में अगले दो दिन हालात बेहद मुश्किल हो सकते हैं, क्योंकि अगले दो दिन पानी का बहाव तेज होगा।

हेल्पलाइन नंबर जारी
दिल्ली के प्रभावित इलाकों में 30 बोट तैनात कर दी गई हैं, साथ ही किसी इमरजेंसी की हालत में मदद के लिए फोन नंबर भी जारी किए गए हैं. किसी प्रकार की मदद के लिए 011-22421656 और 011- 21210849 पर कॉल की जा सकती है।
आम जनजीवन पूरी तरह से चौपट
वैसे इस वक्त देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन पूरी तरह से चौपट कर दिया है। कई प्रदेशों में बाढ़ जैसे हालात हैं, जिसमे दर्जनों लोगों की जान चली गई है और कई लोग लापता हैं। उत्तर भारत के कई हिस्से भी भारी बारिश की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में भारी बारिश के चलते रविवार को कुल 38 लोगों की जान चली गई और 22 लोग लापता हैं।

हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश में बाढ़ का अलर्ट
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है, दक्षिण भारत की बात करें तो केरल में अबतक 121 लोगों की मौत हो चुकी है। कर्नाटक में भी लोग बाढ़ से लड़ रहे हैं, यहां 76 लोगों की अबतक जान जा चुकी है, 10 लोग अभी भी लापता हैं। हिमाचल प्रदेश में कुल 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमे दो नेपाल के नागरिक भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications