अगर केजरीवाल गिरफ्तार हुए तो कौन बनेगा दिल्ली का CM? AAP ने खुद बताया अब जवाब
Delhi CM Arvind Kejriwal News: आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली शराब नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा उन्हें भेजे गए समन का जिक्र करते हुए सोमवार (06 नवंबर) को कहा कि अगर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आने वाले दिनों में गिरफ्तार किया जाता है तो वे जेल से दिल्ली सरकार चलाएंगे।
सीएम अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद, आप ने आरोप लगाया कि यह केजरीवाल को जेल में डालने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की एक "साजिश" थी। बता दें कि दिल्ली शराब नीति अब बंद हो चुकी है।

आप विधायकों और केजरीवाल के बीच हुई बैठक के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री केजरीवाल से कहा कि वे ईडी के समन के बावजूद अपने पद से इस्तीफा न दें।
मंत्री आतिशी ने कहा, ''हमने सीएम केजरीवाल से कहा कि वे इस्तीफा न दें क्योंकि दिल्ली के लोगों ने केजरीवाल को वोट दिया है। भले ही वह जेल चले जाएं, अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।" आतिशी ने कहा कि आप अदालत से जेल में कैबिनेट बैठक करने की इजाजत मांगेगी।
मंत्री आतिशी ने कहा, ''सभी विधायकों ने सीएम अरविंद केजरीवाल को एक ही बात बोली, कि चाहे भाजपा सीएम को तिहाड़ में डाल दें, लेकिन फिर भी उन्हें किसी भी हाल में इस्तीफा नहीं देना है। भाजपा के षड्यंत्र को जीतने नहीं देना। लोगों ने वोट किसी विधायक या पार्टी को नहीं बल्कि अरविंद केजरीवाल को दिया। लोगों का भरोसा टूटना नहीं चाहिए। हम कोर्ट जाएंगे, कोर्ट से इजाजत लेंगे कि कैबिनेट मीटिंग, फाइल्स, अफसरों को जेल में उन तक ले जा सकें।''
सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जल्द ही पार्टी पार्षदों के साथ बैठक भी करेंगे। ईडी ने कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केजरीवाल को 2 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया था।
हालांकि, सूत्रों के मुताबिक,सीएम केजरीवाल ने ईडी के समन को यह कहते हुए नजरअंदाज कर दिया कि ये "अवैध और राजनीति से प्रेरित" था। उन्होंने आगे आरोप लगाया था कि समन भाजपा के अनुरोध पर भेजा गया था।












Click it and Unblock the Notifications