'आपस में मामले को सुलझाने की कोशिश करें', सुशांत के पिता और फिल्म निर्माताओं से दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा
'आपस में मामले को सुलझाने की कोशिश करें', सुशांत के पिता और फिल्म निर्माताओं से दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा
नई दिल्ली, 15 जुलाई: बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के जीवन पर आधारित एक फिल्म को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में बुधवार (14 जुलाई) को सुनवाई हुई। इस सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने सुशांत सिंह राजपूत के पिता कृष्ण किशोर सिंह और फिल्म के निर्माताओं को इस मामले को आपस में सुलझाने का सुझाव दिया। दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति तलवंत सिंह ने दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत पर आधारित फिल्म 'न्याय: द जस्टिस' की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार करने वाले एकल-न्यायाधीश के आदेश के खिलाफ कृष्ण किशोर सिंह की अपील पर सुनवाई की। इस सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति तलवंत सिंह ने कहा, "एक-दूसरे से बात करें और देखें कि क्या इस मामले को सुलझाया जा सकता है।''

वकील बोले- 'फायदा उठाने का कोई इरादा नहीं था'
दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान सुशांत के पिता कृष्ण किशोर सिंह का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता जयंत मेहता ने कहा, " हम कोर्ट की कार्यवाही से अलग, इस मामले को आपस में हल करने की कोशिश करेंगे।'' वहीं फिल्म निर्माताओं की ओर से पेश वकील चंदर लाल ने भी हाईकोर्ट के सुझाव पर हामी भरी। उन्होंने कहा कि हम इस मामले को आपस में सुलझाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा, "इसका फायदा उठाने का हमारा कोई इरादा नहीं था।''

हाईकोर्ट ने कहा- 'ये उन मामलों में से नहीं है,जहां समझौता संभव हो'
दिल्ली हाईकोर्ट में दो-न्यायाधीशों की पीठ की अध्यक्षता कर रहे न्यायमूर्ति राजीव शकधर ने इस मामले पर कहा है कि 'ये उन मामलों में से नहीं है,जहां समझौता संभव हो'।
कोर्ट ने फिल्म निर्माताओं को नोटिस जारी कर कहा है कि कृष्ण किशोर सिंह के उस आवेदन का एक हफ्ते के अंदर जवाब दीजिए, जिसमें फिल्म के प्रसार या प्रकाशन पर रोक लगाने की बात कही गई है। कोर्ट ने कहा कि आवेदन में कुछ दस्तावेज शामिल हैं जो एकल-न्यायाधीश के समक्ष नहीं थे। कोर्ट ने सुझाव दिया कि ऐसे मामलों का आवेदन एकल न्यायाधीश के समक्ष ही दायर किया जाए।

क्या है पूरा मामला?
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता कृष्ण किशोर सिंह ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर करते हुए कहा था कि लपालप ऑरिजनल पर रिलीज हुई, जो सुशांत के जीवन से प्रेरित है, दिखावे के अलावा कुछ भी नहीं है। कृष्ण किशोर सिंह ने कहा कि फिल्म में दिखाई गई बातें अधूरी और अस्पष्ट है। फिल्म में दिखाया गया फैक्ट अधूरा और गलत है, इसलिए इस फिल्म को रिलीज नहीं होना चाहिए। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूर 14 जून 2020 को अपने मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत पाए गए थे। उनके मौत के मामलों की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications