Coronavirus in Delhi: दिल्ली के ताजा सीरो सर्वे में खुलासा, हर चौथा शख्स कोरोना संक्रमित पाया गया
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस अपने चरम पर है। यहां बीते कुछ दिनों कोरोना के दैनिक मामलों में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है, एक दिन पहले यानी बुधवार को भी रिकॉर्ड संख्या में नए मामले दर्ज हुए हैं। अब दिल्ली के ताजा सीरो सर्वे के आंकड़े भी सामने आ गए हैं। इसमें 15 हजार लोगों को शामिल किया गया था। ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि इन लोगों में SARS-CoV-2 के खिलाफ एंटीबॉडी है या फिर नहीं। ये सर्वे अक्टूबर में हुआ था। अब इसके आंकड़ों ने सभी को हैरान कर दिया है। इसमें पता चला है कि राजधानी का हर चार में से एक शख्स कोरोना की चपेट में आ चुका है।
Recommended Video

आंकड़ों में सितंबर के मुकाबले कोई खास बदलाव नहीं आया है। इस ताजा रिपोर्ट में पता चला है कि जो लोग कोविड-19 से पॉजिटिव पाए गए हैं, उनमें से 43.5 फीसदी में तो एंटीबॉडीज ही नहीं मिली। दिल्ली सरकार ने ये रिपोर्ट हाईकोर्ट के सामने बुधवार को रखी थी। हालांकि सुनवाई के समय अदालत ने ढिलाई करने को लेकर दिल्ली सरकार को फटकार भी लगाई। इस रिपोर्ट को तैयार करने वालों ने इन 43.5 फीसदी लोगों के लिए कहा कि बीमारी से ठीक होने के बाद एंटीबॉडीज विकसित होने में वक्त लगता है और इसे कुछ समय तक ही डिटेक्ट किया जा सकता है। हालांकि रिसर्चर इसके उलट बताते हैं कि एंटीबॉडीज ना मिलने का मतलब है कि संबंधित शख्स बीमारी से सुरक्षित नहीं है।
इसके साथ ही ये भी नहीं पता है कि ये एंटीबॉडीज कोरोना से कितनी मजबूती से और कितने समय तक लड़ सकती हैं। इससे पहले सितंबर में हुए सर्वे में 25.1 फीसदी लोगों में एंटीबॉडीज मिली थीं। फिर अक्टूबर में ये आंकड़ा महज 0.4 फीसदी बढ़कर 25.5 फीसदी हो गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि सीरो प्रिवेलेंस में कमी का कारण अगस्त में कम संक्रमण के मामले दर्ज होना और गायब होतीं एंटीबॉडीज है। दिल्ली हाईकोर्ट उस याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें दिल्ली के भीतर और आक्रामक टेस्टिंग की मांग की गई थी। इसी सुनवाई के दौरान सीरो सर्वे की रिपोर्ट पेश की गई।












Click it and Unblock the Notifications