Delhi Cold Wave : 250 कुत्तों के साथ 80 साल की महिला का घर उजाड़ा, MCD पर अमानवीय कार्रवाई के आरोप
दिल्ली में शीतलहरी के कारण हाड़ कंपाने वाली ठंड लोगों की कड़ी परीक्षा ले रही है। इसी बीच करीब 300 कुत्तों की देखभाल करने वाली 80 साल की प्रतिमा देवी ने MCD पर अमानवीय बर्ताव के आरोप लगाए हैं।

ठंड के मौसम में पारा गिरने के साथ-साथ गरीब परिवारों की शामत आ जाती है। झुग्गियों में सिर छिपाने वाले लोग काफी जद्दोजहद करने के बाद अपना आशियाना तैयार कर हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करते हैं। इसी बीच अगर सरकारी फरमान का हवाला देकर नगर निगम आशियाने को उजाड़ डाले तो इसे अमानवीय ही कहा जाएगा। कुछ ऐसा ही कृत्य करने का आरोप दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पर लगा है। 80 साल की महिला प्रतिमा देवी का आरोप है कि MCD अधिकारियों ने करीब 250-300 कुत्तों के साथ उन्हें झुग्गी से निकाल फेंका। प्रतिमा कुत्तों की केयर टेकर हैं।

38 साल से कुत्तों की देखभाल
दिल्ली नगर निगम की कथित अमानवीय कार्रवाई के संबंध में समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता प्रतिमा देवी ने कहा, MCD अधिकारियों ने उनके साथ-साथ करीब 300 कुत्तों को घर से निकाल दिया। वे बताती हैं कि 1984 में दिल्ली आने के बाद से वे स्ट्रीट डॉग्स यानी सड़कों पर रहने वाले कुत्तों की देखभाल करते हैं।

कुत्तों के साथ पेड़ के नीचे रहने की मजबूरी
प्रतिमा ने बताया कि एमसीडी कार्यकर्ताओं ने उनकी झुग्गी और दुकान तोड़ दी। सामान छीन लिया गया और उनके कुत्तों के साथ भी अमानवीय तरीके से मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि उनकी झुग्गी के आस-पास कम से कम 250-300 कुत्ते रहते हैं। आशियाना उजड़ने के बाद वे अपने कुत्तों के साथ पेड़ के नीचे बैठने पर मजबूर हैं।

बूढ़ी हो चुकी हैं डॉग की केयर टेकर
दिल्ली में पिछले 38 साल से रह रहीं प्रतिमा अब 80 साल की हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि 1984 में दिल्ली आने के बाद से वे कुत्तों की देखभाल कर रही हैं। असमर्थ होने का आलम ये है कि वयोवृद्ध प्रतिमा इस उम्र में इधर-उधर घूमने या काम की तलाश करने में सक्षम नहीं हैं।

कुत्तों की देखभाल को समर्पित जीवन
बेबसी का इजहार करते हुए प्रतिमा कहती हैं कि आशियाना और दुकान उजड़ने के बाद इस कड़ाके की ठंड में सुबह से कुत्तों को कुछ खाने-पीने को नहीं दे सकी हैं। शारीरिक शक्ति भी अब साथ नहीं देती। वे दिल्ली में रहना चाहती हैं। जब तक जिंदा हैं इन स्ट्रीट डॉग्स यानी सड़कों पर रहने वाले कुत्तों की देखभाल करना चाहती हैं।

पांच साल पहले भी उजड़ा था आशियाना
80 साल की डॉग लवर प्रतिमा देवी के बारे में इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया, दिल्ली के साकेत इलाके में रहने वाली प्रतिमा देवी का आशियाना इससे पहले 2017 में भी उजाड़ा गया था। MCD पर पांच साल पहले भी प्रतिमा को बेघर कने का आरोप लगा था। इसी रिपोर्ट में कहा गया कि पालतू कुत्ते स्थानीय लोगों पर हमले कर रहे हैं। अटैक बढ़ने की खबरों के बीच, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद सहित दिल्ली और इसके पड़ोसी शहरों में नगर निगम नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से कार्रवाई कर रहे हैं।
Recommended Video

क्यों ऐसी कार्रवाई कर रहा MCD
दिल्ली NCR में बनी हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले लोगों को स्ट्रीट डॉग को खाना खिलाने के खिलाफ चेतावनी भी दी गई है। निगमों के आदेश और नियमों में कहा गया है कि दिशानिर्देश का पालन न करने पर भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। इसी कड़ी में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने निवासियों से अपने पालतू जानवरों को पंजीकृत करने के लिए कहा है। MCD ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई की जा सकती है। बहरहाल, कड़ाके की ठंड में 80 साल की प्रतिमा देवी पर एमसीडी की कार्रवाई आलोचकों के निशाने पर है।
ये भी पढ़ें- 'अगर यही नया अवतार बना रहा तो 2024 में बदलाव...' संजय राउत ने क्यों कही ये बात ?












Click it and Unblock the Notifications