पाकिस्तानी नेता के कमेंट पर अरविंद केजरीवाल ने दिया करारा जवाब, चेतावनी देते हुए दिल्ली सीएम ने क्या कहा?
Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान आज 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में हो रहा है। दिल्ली में भी आज वोट डाले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज अपने परिवार के वोट डाला और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। केजरीवाल की तस्वीर पर पकिस्तान के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने प्रतक्रिया दी।
आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल को पाकिस्तानी राजनेता की यह प्रतिक्रिया बिलकुल भी नहीं भाई। केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव पर पाकिस्तान के राजनेता चौधरी फवाद हुसैन की "शांति और सद्भाव" वाली टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्हें चेतावनी दे डाली। दिल्ली के सीएम ने लिखा कि "आतंकवाद के सबसे बड़े प्रायोजकों का हस्तक्षेप" बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ शनिवार, 25 मई को आम चुनाव के चरण -6 के लिए अपना वोट डाला। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर परिवार की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "मैंने आज अपने पिता, पत्नी और बच्चों के साथ मतदान किया। मेरी मां बहुत बीमार हैं, वह (वोट डालने) नहीं जा सकीं। मैंने तानाशाही, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ वोट किया।''
केजरीवाल के इस पोस्ट को री-शेयर करते हुए पाकिस्तानी राजनेता चौधरी फवाद हुसैन, जो इमरान खान के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री थे, ने लिखा, "शांति और सद्भाव नफरत और उग्रवाद की ताकतों को हराए।" साथ ही उन्होंने हैशटैग, #MorePower #IndiaElection2024 का उपयोग भी किया।
अरविंद केजरीवाल ने हुसैन की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हुसैन को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए और उन्हें अपने देश की चिंता करनी चाहिए।
केजरीवाल ने पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, "चौधरी साहब, मैं और मेरे देश के लोग अपने मुद्दों से निपटने में पूरी तरह सक्षम हैं। आपके ट्वीट की जरूरत नहीं है। पाकिस्तान में हालात अभी बहुत खराब हैं। आप अपने देश का ख्याल रखें।"
उन्होंने कहा, "भारत में होने वाले चुनाव हमारा आंतरिक मामला है। भारत आतंकवाद के सबसे बड़े प्रायोजकों के हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं करेगा।"
पहले भी करते रहे हैं भारत के मामलों पर टिप्पणी
यह पहली बार नहीं है जब चौधरी फवाद हुसैन ने भारतीय राजनीति और चुनावों में अपनी दखलअंदाजी की है। इस महीने की शुरुआत में, हुसैन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो साझा किया था जहां कांग्रेस नेता भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध रहे हैं।
पाकिस्तान के पूर्व मंत्री द्वारा साझा किए गए वीडियो में, राहुल गांधी को राम मंदिर के उद्घाटन के बारे में बोलते हुए, भाजपा सरकार पर गरीबों और युवाओं के हितों को दरकिनार करने का आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है।
4 मई को फिर से, चौधरी फवाद हुसैन ने एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें सत्ता में आने पर धन पुनर्वितरण सर्वेक्षण कराने के कांग्रेस के वादे पर राहुल गांधी की प्रशंसा की गई। उन्होंने गांधी की तुलना अपने परदादा और भारत के पहले प्रधान मंत्री जवाहरलाल नेहरू से भी की और कहा कि "दोनों समाजवादी थे"।












Click it and Unblock the Notifications