दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल ने बताई अच्छी खबर, 529 में से केवल 3 मीडियाकर्मी कोविड-19 से संक्रमित
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बताया कि 529 मीडियाकर्मियों में से केवल 3 ही कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। हाल ही में इन सभी की कोविड-19 जांच की गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो संक्रमित पाए गए हैं वह उनके जल्द ठीक होने की दुआ करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि महामारी के दौरान मीडिया का कार्य बेहद जरूरी है।
Recommended Video

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, 'मुझे आपको ये बताते हुए खुशी हो रही है कि 529 में से केवल 3 मीडियाकर्मी कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं। आपका कार्य बेहद महत्वपूर्ण है, खासतौर पर महामारी के दौरान। जो पॉजिटिव पाए गए हैं, मैं आपके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा हूं।' बता दें बीते हफ्ते ही दिल्ली प्रशासन ने मीडियाकर्मियों की कोरोना वायरस स्क्रीनिंग शुरू की थी।
मुंबई में 53 मीडियाकर्मियों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद सीएम केजरीवाल ने दिल्ली में जांच कराने की बात कही थी। उन्होंने दिल्ली में मीडियाकर्मियों की जांच कराने के आग्रह वाले एक ट्वीट के जवाब में कहा था, 'निश्चित तौर पर हम यह करेंगे।' इसके बाद दिल्ली सरकार ने कहा कि मीडियाकर्मियों की जांच के लिए कोविड-19 सेंटर स्थापित किए हैं। इसके बाद ऐसा ही एक आदेश कर्नाटक सरकार ने भी जारी किया था।
दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 206 नए मामले सामने आने के बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3314 हो गई। राजधानी में कोरोना संक्रमण से अब तक 54 मौतें हो चुकी हैं जबकि 1078 लोग ठीक हुए हैं। दिल्ली सरकार ने बताया कि मंगलवार को शाहीन बाग के डी ब्लॉक में मकान नंबर 152 से 162 को कोविड-19 कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसके साथ ही दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 100 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications