सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा- भाजपा आतंकवादी कह रही है, बहुत दुख होता है
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी कहते हुए विवादित बयान दिया था। जिसपर अब केजरीवाल का जवाब आ गया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा है कि उन्हें इससे काफी दुख हो रहा है क्योंकि उन्होंने पांच साल दिन रात मेहनत करके दिल्ली के लिए काम किया। लेकिन फिर भी उन्हें आतंकवादी कहा जा रहा है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, 'पांच साल दिन रात मेहनत करके दिल्ली के लिए काम किया। दिल्ली के लोगों के लिए अपना सब कुछ त्याग दिया। राजनीति में आने के बाद बहुत कठिनाइयों का सामना किया ताकि लोगों का जीवन बेहतर कर सकूं। बदले में आज मुझे भारतीय जनता पार्टी आतंकवादी कह रही है... बहुत दुख होता है।'

बता दें भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा लगातार विवादित बयान दे रहे हैं। उन्होंने बुधवार को भी मादीपुर की एक सभा में कहा, 'केजरीवाल जैसे नटवरलाल... केजरीवाल जैसे आतंकवादी देश में छुपे बैठे हैं। हमें तो सोचने पर मजबूर होना पड़ता है हम कश्मीर में पाकिस्तानी आतंकवादियों से लड़ें या फिर केजरीवाल जैसे आतंकवादियों से इस देश में लड़ें।'
इससे पहले प्रवेश वर्मा ने कहा था कि शाहीन बाग में जो प्रदर्शनकारी बैठे हैं वो कल आपके घर में घुस जाएंगे और आपकी मां-बहनों के साथ रेप करेंगे। दिल्ली में अब कश्मीर जैसे हालात बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रवेश वर्मा ने बुधवार सुबह ट्वीट कर ये भी दावा किया था कि उन्हें धमकी भरा फोन आया है। एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि उन्हें रवांडा से धमकी भरा फोन आया है, इसकी उन्होंने पुलिस में शिकायत भी कर दी है। दिल्ली पुलिस ने इस शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications