अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष संजय गहलोत आम आदमी पार्टी में हुए शामिल
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को मतदान होने हैं, जिसको लेकर राजनीतिक दलों का प्रचार रफ्तार पकड़ने लगा है। सभी राजनीतिक ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी भी प्रचार अभियान में पूरी ताकत से जुटी है। इसी क्रम में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने वोटर्स तक पहुंचने के लिए 'केजरीवाल आपके द्वार' वेबसाइट लॉन्च की है। इस कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के राज्य प्रमुख संजय गहलोत आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।

उन्होंने सीएम अरविंद केजरीवाल की मौजदूगी में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली। संजय गहलोत के पार्टी में शामिल होने पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वे (संजय गहलोत) हमेशा सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की आवाज उठाते रहे हैं, उन्होंने हमारे सरकार के खिलाफ भी कई धरना प्रदर्शन किया है। केजरीवाल ने कहा कि उनके साथ मिलकर दिल्ली के सफाई कर्मचारियों को न्याय दिलवाएंगे।
इसके पहले, अरविंद केजरीवाल ने शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'शाहीन बाग में बंद रास्ते की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। भाजपा नहीं चाहती कि रास्ते खुलें। भाजपा गंदी राजनीति कर रही है। भाजपा के नेताओं को तुरंत शाहीन बाग़ जाकर बात करनी चाहिए और रास्ता खुलवाना चाहिए।'
केजरीवाल ने कहा कि शाहीन बाग में रास्ता बंद है, उस बंद रास्ते की वजह से बहुत सारे लोगों को तकलीफ हो रही है। स्कूल के बच्चों को तकलीफ हो रही है, एंबुलेंस के जाने में तकलीफ हो रही है, जो आधा घंटे या 40 मिनट का रास्ता होता था, उसमें लोगों को ढाई से तीन घंटे लग रहे हैं। मैं इस बारे में कई बार कह चुका हूं कि इस देश के अंदर संविधान के तहत हर किसी को विरोध प्रदर्शन का अधिकार है लेकिन उस विरोध प्रदर्शन की वजह से आम जनता को तकलीफ नहीं होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications