Delhi Air Pollution: दिल्ली को कब मिलेगी वायु प्रदूषण से राहत? IMD ने बता दी तारीख
Delhi air quality index: देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण बरकरार है और रविवार को लगातार चौथे दिन हवा की क्वालिटी 'खराब' स्तर पर रिकॉर्ड की गई। हालांकि अब मौसम विभाग ने दिल्ली के प्रदूषण को लेकर एक राहत भरी खबर दी है।
मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में बताया कि सोमवार से मौसम करवट बदलेगा और इसके साध ही दिल्ली की हवा भी साफ होगी। मौसम विभाग में वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, सोमवार को पूरे एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा मंगलवार को भी बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं।

आपको बता दें कि रविवार को दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 233 पर रिकॉर्ड हुआ, जो खराब कैटेगरी में आता है। हालांकि शनिवार के मुकाबले रविवार को दिल्ली की हवा में कुछ सुधार हुआ, क्योंकि एक दिन पहले एक्यूआई 257 था। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को हल्की बारिश के साथ दिल्ली की हवा का स्तर सुधरकर 'मध्यम' कैटेगरी में आ सकता है।
दो दिन की राहत के बाद फिर से जहरीली होगी हवा
मौसम विभाग से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली-एनसीआर में सोमवार और मंगलवार को तो बारिश के आसार बन रहे हैं, लेकिन इसके बाद राहत नहीं है। दरअसल पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत आने वाले अर्ली वॉर्निंग सिस्टम (EWS) की रिपोर्ट बताती है कि बुधवार को दिल्ली की हवा एक बार फिर से खराब कैटेगरी में चली जाएगी और अगले 6 दिन तक दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ऐसी ही हवा में सांस लेना होगा।
किस स्तर के एक्यूआई से कितना खतरा?
गौरतलब है कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, 0 से 50 के बीच के एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम और 201 से 300 के बीच के एक्यूआई को खराब हवा की श्रेणी में गिना जाता है। 301 से 400 के बीच अगर एक्यूआई है, तो फिर इसे बहुत खराब और अगर 400 से ऊपर एक्यूआई जाता है तो हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में गिनी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications