Delhi Pollution: नोएडा में 400 के पार पहुंचा AQI, दिल्ली की हवा भी 'बहुत खराब'
दिल्ली-एनसीआर को फिलहाल वायु प्रदूषण से राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है और नोएडा में एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया है।
दिल्ली में वायु प्रदूषण (Delhi Pollution): दिवाली से पहले ही दिल्ली की हवा में फैला प्रदूषण अभी भी बरकरार है और राजधानी सहित आसपास के लोग इस जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। बुधवार को दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब कैटेगरी में दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 354 रिकॉर्ड हुआ। वहीं, हवा की गुणवत्ता के आंकड़े उपलब्ध कराने वाली एजेंसी 'सफर' ने बताया कि यूपी के नोएडा में एक्यूआई 406 के स्तर पर पहुंच गया है, जो वायु प्रदूषण की गंभीर कैटेगरी में दर्ज किया जाता है।
Recommended Video

मंगलवार को नरेला में 571 तक पहुंचा AQI
इसके अलावा बुधवार को गुरुग्राम में भी वायु की गुणवत्ता बहुत खराब बनी रही और एक्यूआई 346 रिकॉर्ड हुआ। नोएडा और गुरुग्राम दोनों ही एनसीआर के हिस्से हैं। हालांकि दिल्ली के कुछ इलाकों में आज एक्यूआई में हल्की गिरावट से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन वायु प्रदूषण के हालात अभी भी चिंताजनक बने हुए हैं। गौरतलब है कि दिल्ली के बाकी इलाकों में जहां एक्यूआई अभी 400 से नीचे है, वहीं नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के आंकड़े डराने वाले हैं। मंगलवार को नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के नरेला में एक्यूआई सबसे ज्यादा 571 रिकॉर्ड किया गया था।

क्या होता है AQI
आपको बता दें कि 0 से 100 के बीच के एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) यानी वायु गुणवत्ता सूचकांक को अच्छी कैटेगरी में गिना जाता है। 100 से 200 के बीच के एक्यूआई को मध्यम दर्जे का वायु प्रदूषण, 200 से 300 के बीच के एक्यूआई को खराब और 300 से 400 के बीच के एक्यूआई में हवा की कैटेगरी बहुत खराब रहती है। वहीं, 400 से 500 के बीच का एक्यूआई गंभीर वायु प्रदूषण की श्रेणी में आता है।

दिल्ली में निर्माण कार्य और तोड़-फोड़ पर रोक
एजेंसी 'सफर' के मुताबिक, बुधवार को मॉडल टाउन के धीरपुर में एक्यूआई 356 और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल 3 के पास 350 दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को दिल्ली में वायु की गुणवत्ता गंभीर कैटेगरी में पहुंच गई थी। वहीं, वायु प्रदूषण के हालात देखते हुए दिल्ली सरकार ने अगले आदेश तक सभी तरह के निर्माण कार्य और तोड़-फोड़ की गतिविधियों पर रोक लगा दी है।












Click it and Unblock the Notifications