पढ़िए, गुरमेहर कौर को पठानकोट के एक शहीद की बेटी का जवाब
गुरमेहर की पाकिस्तान को लेकर की गई टिप्पणी पर क्रिकेटर विरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, योगेश्वर दत्त, गीता फोगाट, बबीता फोगाट, महावीर फोगाट, जावेद अख्तर और ज्वाला गुट्टा तक अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं।
नई दिल्ली। रामजस कॉलेज में एबीवीपी और वामपंथी छात्र संगठनों के बीच हुए टकराव के बाद चर्चा में आईं दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा गुरमेहर कौर के दिल्ली छोड़ने के बावजूद विवाद उनका पीछा नहीं छोड़ रहा है। पाकिस्तान के बारे में की गई उनकी टिप्पणी को लेकर खिलाड़ियों और फिल्म कलाकारों के बाद अब भारतीय सेना के एक शहीद जवान की बेटी ने भी गुरमेहर पर बयान दिया है।


'प्लीज अपने पिताजी की शहादत का मजाक मत बनाइए'
पंजाब के पठानकोट आतंकी हमले में शहीद हुए लांस नायक मूलराज की बेटी पूजा ने गुरमेहर कौर को निशाने पर लेते हुए कहा, 'मैं गुरमेहर कौर से कहूंगी, प्लीज अपने पिताजी की शहादत का मजाक मत बनाइए।' आपको बता दें कि गुरमेहर कौर के पिता सेना में थे और कारगिल युद्ध के दौरान शहीद हुए थे। रामजस कॉलेज में हुए टकराव के बाद गुरमेहर ने एबीवीपी के खिलाफ कैंपेन करते हुए कहा था कि उनके पिता को पाकिस्तान ने नहीं बल्कि युद्ध ने मारा है। ये भी पढ़ें- गुरमेहर कौर ने अपनी मां को फोन पर हैलो नहीं वंदेमातरम कहा, छलक पड़ा दर्द

ऐसे शुरू हुआ था विवाद
दरअसल पिछले दिनों जेएनयू के छात्र उमर खालिद को रामजस कॉलेज में होने वाले सेमिनार में आमंत्रित किया गया था, लेकिन एबीवीपी के विरोध के बाद उमर खालिद के आमंत्रण को रद्द कर दिया गया, जिसके बाद तमाम छात्र संगठन उमर खालिद को वापस लाओ के नारे लगाने लगे और प्रदर्शन करने लगे। यह प्रदर्शन धीरे-धीरे हिंसक हुआ और इसमें एबीवीपी, आईएसा, एनएसयूआई संगठन कूद पड़े। दोनों ही पक्ष ने एक दूसरे पर हिंसा का आरोप लगाया।

गुरमेहर के बयान पर छिड़ी बहस
इसके बाद सोशल मीडिया पर छेड़े गए गुरमेहर के कैंपेन ने इस मामले को और बढ़ा दिया। गुरमेहर की पाकिस्तान को लेकर की गई टिप्पणी पर क्रिकेटर विरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, योगेश्वर दत्त, गीता फोगाट, बबीता फोगाट, महावीर फोगाट, जावेद अख्तर और ज्वाला गुट्टा तक ने अपनी प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने गुरमेहर का समर्थन किया तो कुछ ने उनकी आलोचना की।

गुरमेहर को रेप की धमकी
बयान को लेकर सोशल मीडिया पर गुरमेहर को रेप की धमकी भी दी गई। इसकी शिकायत गुरमेहर ने दिल्ली महिला आयोग से की। दिल्ली महिला आयोग की शिकायत पर इस मामले में दिल्ली पुलिस एफआईआर दर्ज कर चुकी है। फिलहाल गुरमेहर कौर दिल्ली छोड़कर जालंधर जा चुकी हैं और उन्हें पंजाब पुलिस की सुरक्षा मिली हुई है। ये भी पढ़ें- गुरमेहर कौर के बारे में ये खास बात नहीं जानते होंगे आप












Click it and Unblock the Notifications